दिग्विजय सिंह के समर्थन में आज भी सैकड़ों साधु-संत सड़क पर

कम्प्यूटर बाबा के साथ किया रोड शो, कांग्रेस के साथ भगवामय हुई राजधानी की सड़कें

भोपाल लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजयसिंह के समर्थन में राजधानी में साधु-संतों का जमावड़ा लगा हुआ है। सैकड़ों साधु यहां कभी धूनी रमाकर, कभी यज्ञ-हवन और आहुति देकर तो कभी अखाड़ों के माध्यम से विभिन्न करतब दिखाकर पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस उम्मीदवार के चुनाव प्रचार में जान डालने का प्रयास कर रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को शहर में कम्प्यूटर बाबा के साथ सैकड़ों की तादाद में साधु-संतों ने रोड शो करके अपने नेता का प्रचार किया। इस दौरान प्रत्याशी दिग्विजय सिंह ने रोड शो में शामिल होकर शहरवासियों को अभिवादन किया और अपने लिए आशीर्वाद मांगा। इस अवसर पर विधायक आरिफ अकील तथा भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व विधायक जितेंद्र डागा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता भी उनके साथ मौजूद थे। रोड शो का समापन नादरा बस सस्टैंड चौराहे पर हुआ। गौरतलब है कि इससे पहले मंगलवार को भी कम्प्यूटर बाबा के साथ सैकड़ों साधु-संतों ने कांग्रेस के समर्थन में पुराने सैफिया कॉलेज परिसर में धूनी रमाकर हठयोग कर किया था। 

 

भाजपाइयों ने लगाए मोदी-मोदी के नारे : 

कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह के साथ साधु-संत और बाबा रोड शो करते हुए चौक बाजार के करीब पहुंचे तो वहां सड़क के किनारे खड़े भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोदी-मोदी, हर-हर मोदी के नारे लगाए। इस दौरान पुलिस वाले भी आराम से यह नजारा देखते रहे। हालांकि जवाब में रोड शो में चल रहे साधुओं ने भी कांग्रेस का झंडा मोदी समर्थकों को दिखाया और वे कांग्रेस के पक्ष में नारेबाजी करते रहे। 

Leave a Reply