दिल्ली बुला रही है

कमलनाथ के फिर राष्ट्रीय राजनीति में लौटने के संकेत; पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा ने कहा- हम उन्हें MP में ही देखना चाहते हैं
- बोले- दिल्ली वाले नाथ को बुला रहे, अंतिम फैसला शीर्ष नेतृत्व को करना है
- गांधी परिवार के विश्वसनीय अहमद पटेल और मोतीलाल वोरा के निधन के बाद बदलाव की अटकलें
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पीसीसी चीफ कमलनाथ के दिल्ली जाने के संकेत मिलने लगे हैं। आला कमान उन्हें दिल्ली संगठन की बड़ी भूमिका देने की तैयारी में है। पूर्व मंत्री कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक सज्जन सिंह वर्मा ने बताया कि उन्हें दिल्ली बुला रहे हैं, जबकि हम चाहते हैं कि वे यहीं रहें।
वर्मा ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व में मोतीलाल वोरा और अहमद पटेल के जाने के बाद खालीपन आ गया है। ऐसे में संगठन के शीर्ष नेतृत्व को उनकी जरूरत है। इसी कारण नाथ को दिल्ली में संगठन में बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी की जा रही है। हालांकि कमलनाथ के दिल्ली और एमपी में रहने का फैसला केंद्रीय नेतृत्व को करना है।
उन्होंने माना कि दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ अहमद पटेल और मोतीलाल वोरा के जाने के बाद कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व कमजोर हुआ है। यही कारण है कि राष्ट्रीय स्तर पर भी कमलनाथ की जरूरत है, क्योंकि वो पार्टी के सीनियर लीडर है। इसी के साथ ही उन्होंने कहा कि हम चाहते है वो प्रदेश में रहे और राष्ट्रीय नेतृत्व चाहता है वो केंद्र में रहे।
कमलनाथ भी दे चुके थे संकेत
इससे पहले कमलनाथ कुछ दिनों पहले ही छिंदवाड़ा में राजनीति से सन्यास लेने के संकेत दे चुके थे। उन्होंने कहा था कि जब तक छिंदवाड़ा की जनता चाहेगी वे राजनीति में रहेंगे। वैसे वे काफी काम कर चुके हैं। अब आराम करना चाहते हैं। हालांकि इसको लेकर कांग्रेस ने बाद में सफाई देते हुए कहा था कि उनके बयान को तोड़कर पेश किया गया है। उनका मतलब ऐसा कुछ नहीं था।
