दिल्ली में कोरोना के डर से स्कूलों में घटी छात्रों की संख्या

दिल्ली के निजी स्कूलों में सोमवार को जूनियर कक्षाओं में छात्रों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही। स्कूल प्रबंधन कोरोना के बढ़ते मामलों को इसकी बड़ी वजह बता रहे हैं। स्कूलों में कोरोना के मामले सामने आने के बाद से अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। माउंट आबू पब्लिक स्कूल रोहिणी की प्रिंसिपल ज्योति अरोड़ा ने बताया कि हमारे यहां सोमवार को बच्चों की संख्या में कमी देखी गई। 60-70 फीसदी ही कक्षाओं में उपस्थिति दिखी। अभिभावकों की ओर से सलाह भेजी जा रही है। इसमें हाइब्रिड मोड और ऑनलाइन कक्षाओं को चलाने की मांग की जा रही है। हमने अपने यहां असेंबली स्थगित कर दी है। इसके अलावा कक्षाओं को सैनेटाइज करने, भीड़ एकत्रित न होने सहित कई जरूरी एहतियाती कदम पहले की तरह अपना रहे हैं।
