दिल्ली में ठंड ने दी दस्तक, धुंध की चादर में लिप्टे नजर आए कई इलाके

नई दिल्ली : दिसंबर महीने की शुरुआत होते ही राजधानी दिल्ली में सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. तापमान लगातार गिर रहा है और दिल्ली सुबह, शाम कोहरे की चादर में लिप्टी हुई नजर आ रही है. शनिवार सुबह सफदरगंज इलाके में तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि विजिबिलिटी 0.5 रही. वहीं, पालम इलाके में तापमान 9 डिग्री रहा, विजिबिलिटी 0.5 रही.

हवा की गुणवत्ता का स्तर भी खराब
दिल्ली की वायु गुणवत्ता शुक्रवार को भी बहुत खराब श्रेणी में रही. शुक्रवार को कुल वायु गुणवत्ता सूचकांक 346 दर्ज किया गया. साथ ही हवा की धीमी गति जैसी मौसम परिस्थितियों के कारण शहर में चार इलाकों में वायु गुणवत्ता ‘‘गंभीर’’ दर्ज की गई. मुंडका, नेहरू नगर, रोहिणी और वजीरपुर में वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई. सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, एनसीआर में गाजियाबाद, फरीदाबाद और नोएडा में वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई.

ईपीसीए ने सौंपी रिपोर्ट
सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण प्राधिकरण (ईपीसीए) ने दिल्ली-एनसीआर में राज्य और केंद्र सरकार के अधिकारियों द्वारा टैक्सी के रूप में किराए पर ली गई निजी डीजल गाड़ियां के इस्तेमाल पर चिंता जताई. ईपीसीए ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के कई अधिकारी दिल्ली तथा एनसीआर के भीतर आने-जाने के लिए टैक्सी के तौर पर किराये पर ली निजी डीजल गाड़ियों का इस्तेमाल कर रहे हैं तथा उसने इसके लिए स्पष्टीकरण मांगा है.

Leave a Reply