दिल्ली में बनेगा देश का पहला ई-वेस्ट मैनेजमेंट ईको पार्क

नई दिल्ली । दिल्ली में देश का पहला ई-वेस्ट मैनेजमेंट ईको पार्क बनेगा। यह पार्क राजधानी में ई-कचरे का निपटारा करेगा। 20 एकड़ में फैला ई-वेस्ट मैनेजमेंट ईको पार्क स्टेट आफ आर्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर से लैस होगा। यहां इस क्षेत्र के संचालकों को रिसाइकिलिंग के लिए ट्रेनिंग दी जाएगी।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में दिल्ली कैबिनेट ने ई-वेस्ट मैनेजमेंट ईको पार्क बनाने को मंजूरी दी। खुद में अनूठा यह ईको पार्क बेहद साइंटिफिक तरीके से पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए काम करेगा। इस संबंध में आयोजित पत्रकार वार्ता में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बताया कि यहां साइंटिफिक और इंटीग्रेटेड तरीके से एक परिसर के अंदर ही ई-वेस्ट का निपटारा किया जाएगा। ई-वेस्ट को चैनलाइज करने के लिए 12 जोन में कलेक्शन सेंटर भी स्थापित किए जाएंगे।
कैसे काम करेगा ई-वेस्ट पार्क : अपने इंटीग्रेटेड सिस्टम के साथ ई-वेस्ट मैनेजमेंट ईको पार्क एक ही परिसर में प्लास्टिक कचरे को प्रोसेस करने के साथ उसे रिफर्बिश, डिसमेंटल, रिसाइकल व रिमैन्यूफैक्चर करेगा। इस पार्क में सभी प्रकार की प्रोसेसिंग और रिसाइकल यूनिट होंगी, ताकि भविष्य में इनसे उत्पादन के लिए सामग्री निकाली जा सके।
- ईको-पार्क इस क्षेत्र के असंगठित आपरेटरों को संगठित रिसाइकलर के रूप में तैयार करने के लिए बुनियादी ढांचा, प्रशिक्षण और उपकरण प्रदान करेगा
- पार्क पर्यावरण व स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव को कम करने में मदद करेगा व ई-कचरे के रिसाइकिलिंग के लिए लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाएगा
- यह संगठित क्षेत्र में पर्यावरण की दृष्टि से अनुकूल ई-कचरा रिसाइकिलिंग को चैनलाइज करेगा
