दिल्ली में सोनिया गांधी से मिले कैप्टन, बोले-पंजाब सरकार ने 161 चुनावी वादों में से 140 पूरे किए

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने शुक्रवार को कांग्रेस की अंतरिम प्रधान सोनिया गांधी के साथ अपनी सरकार के कामकाज बारे में विस्तार से चर्चा की। यह चर्चा सोनिया गांधी द्वारा कांग्रेसी मुख्यमंत्रियों द्वारा चुनाव के दौरान किए वादों को पूरा करने के लिए लागू की जा रही नीतियों और योजनाओं की समीक्षा के लिए बुलायी गई मीटिंग के दौरान हुई।
कैप्टन ने मीटिंग के बाद पत्रकारों को बताया कि उन्होंने सोनिया गांधी को अवगत करवाया कि उनकी सरकार द्वारा मतदान में किये 161 वादों में से 140 पूरे कर दिए गए हैं और बाकी को पूरा करने का काम प्रगति पर है। मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि कांग्रेस शाषित राज्यों में पार्टी और सरकार में बेहतर तालमेल का मुद्दा भी विचारा गया।
उन्होंने पार्टी प्रधान को भरोसा दिया कि उनकी सरकार लोगों के चुने प्रतिनिधियों के सलाह मशवरे पर काम कर रही है जिससे राज्य के लोगों के साथ किये गए वादे पूरे किये जा सकें। विधायकों द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों को लगातार फीडबैक दिया जा रहा है जिससे प्रशासन और लोगों के बीच तालमेल बन सके और लोगों की समस्याओं का निपटारा हो सके।
सोनिया ने कैप्टन सरकार के काम को सराहा
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि उन्होंने पार्टी प्रधान को बताया कि राज्य सरकार द्वारा रोजगार सृजन, नशों का खात्मा, किसानों की कर्जमाफी, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का विस्तार करते हुए राज्य में 42 लाख परिवारों को स्वास्थ्य बीमा देने समेत और कई महत्वपूर्ण लोक कल्याण के काम सफलतापूर्वक पूरे किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पार्टी प्रधान ने विशेष तौर पर उनकी सरकार द्वारा दो सालों के दौरान राज्य में लाए 50,000 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश और राज्य में करीब सारी जनसंख्या को सेहत बीमा योजना के अधीन लाने के काम की प्रशंसा की।
वित्तीय समस्याओं का भी हुआ जिक्र
कैप्टन ने कहा कि उन्होंने राज्य सरकार द्वारा वित्तीय और अन्य समस्याओं के चलते भारत सरकार के प्रोजेक्टों को राज्य में लागू करने में आ रही दिक्कतों बारे भी चर्चा की।
