दिल्ली से हरियाणा के लिए आज से चलेंगी बसें

चंडीगढ़ । हरियाणा सरकार ने आज यानि मंगलवार से लॉकडाउन के चौथे चरण के दौरान राजधानी दिल्ली से हरियाणा के सात शहरों के लिए बसों का संचालन शुरू करने का फैसला किया है। पहले चरण में दिल्ली से सात शहरों के लिए बसें रवाना होंगी। उसके बाद इसका विस्तार किया जाएगा। हरियाणा में 22 मार्च को जनता कर्फ्यू के बाद से ही बस सेवा बंद पड़ी है। करीब 54 दिन बाद 15 मई से हरियाणा राज्य परिवहन द्वारा पंचकूला समेत 10 जिलों से 29 रूटों पर बस सेवा शुरू की है। इसका विस्तार करते हुए मंगलवार तक हरियाणा के 15 जिलों से बस सेवा शुरू हो चुकी है।

अब हरियाणा सरकार ने इसका विस्तार करते हुए मंगलवार से देश की राजधानी नई दिल्ली से हरियाणा के अलग-अलग शहरों के लिए बस सेवा शुरू करने का फैसला लिया है।

दिल्ली सरकार ने भी इस संबंध में एनओसी जारी कर दी है। उधर हरियाणा राज्य परिवहन के मुख्यालय से इस बारे में दिल्ली डिपो प्रबंधकों को सूचना भेज दी गई है। इन बसों में केवल 30 यात्री ही सफर कर सकेंगे। 30 सीटों पर ऑनलाइन बुकिंग के बाद साफ्टवेयर अगली बुकिंग नहीं करेगा।

इसके अलावा नई दिल्ली बस अड्डा पर सभी यात्रियों की थर्मल स्कैनिंग की जाएगी। दिल्ली से अंबाला कैंट, भिवानी, पलवल, कैथल, सिरसा, नारनौल व पंचकूला के लिए बसें चलेंगी।

फिलहाल हरियाणा के अन्य जिलों की तरह दिल्ली से चलने वाली बसें भी अंबाला व पंचकूला तक ही आ सकेंगी। चंडीगढ़ के सेक्टर-17 में प्रशासन द्वारा सब्जी मंडी चलाई जा रही है। जिसके चलते दिल्ली व अन्य जिलों से चलने वाली बसों का अभी चंडीगढ़ में प्रवेश नहीं होगा।

Leave a Reply