दिल्ली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की उप-कुलपति कर्णम मल्लेश्वरी को मिला BBC का लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड

दिल्ली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की उप-कुलपति कर्णम मल्लेश्वरी को खेल जगत में उनके अतुलनीय योगदान के लिए बीबीसी द्वारा लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड दिया गया। ‘बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्स वीमेन ऑफ द ईयर’ अवार्ड वितरण समारोह में उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी शिरकत किया। मनीष सिसोदिया ने अवार्ड के लिए चयनित खिलाडियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के अलावा ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, हरियाणा के उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, जन जातीय मंत्री अर्जुन मुंडा, भारतीय ओलंपिक समिति के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा, बीबीसी के डायरेक्टर जनरल टिम डेव, बीबीसी के पूर्व ब्यूरो चीफ मार्क टुल्ली, लेखक गिलियन राइट व दिल्ली पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना मौजूद थे।
मनीष सिसोदिया ने कहा कि आज चाहे एजुकेशन हो, एडमिनिस्ट्रेशन हो या खेल, महिलाएं हर क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने खुशी जाहिर की और कहा कि इतनी सारी महिलाओं ने खेल के क्षेत्र में अपनी छाप छोड़ी है। सभी स्पोर्ट्स के फील्ड में अगली पीढ़ी की लड़कियों के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने महिला चैंपियन को बधाई देते हुए कहा कि आज ये महिला खिलाड़ी युवा लड़कियों को प्रेरित कर रही हैं कि वह भी ऐसा कर सकती हैं।
मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली में केजरीवाल सरकार महिलाओं को हर कदम पर जरूरी सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। दिल्ली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी इसी दिशा में एक अनूठी पहल है, जहां आने वाले सत्र से 250 खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय खेलों के लिए तैयार करने के लिए एक्सपर्ट कोचों के द्वारा वर्ल्ड-क्लास ट्रेनिंग दी जाएगी। दिल्ली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की उपकुलपति कर्णम मल्लेश्वरी ने कहा कि भारत में जितना टैलेंट है, उतना कहीं और नहीं है। उन्होंने याद दिलाया कि वह ओलम्पिक में सिर्फ दो किलोग्राम से गोल्ड मेडल जीतने से चूक गई थीं, लेकिन एक मेंटर के रूप में वह भारत के लिए गोल्ड मेडल जरुर लेकर आएंगी।
