दिल्‍ली में चलती बस में चाकू से गोदकर युवक की हत्या, बदमाशों ने पहनी थी स्कूल यूनिफॉर्म

नई दिल्ली । देश की राजधानी दिल्ली में आधा दर्जन युवकों द्वारा बस सवार एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह हत्या बृहस्पतिवार शाम को चलती बस में की गई। हैरानी की बात है कि हत्या में शामिल सभी युवकों ने स्कूल यूनिफॉर्म पहनी हुई थी। पता चला है कि हमले में जान गंवाने वाला युवक बस में सवार बदमाशों द्वारा मोबाइल फोन लूटने का विरोध कर रहा था।

 

पूरी घटना न्यू फ्रेंडस कॉलोनी इलाके की है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। वहीं, फिलहाल मामले में किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है।

 

बृहस्पतिवार शाम को हुई इस वारदात के संबंध में पुलिस उपायुक्त रोमिल बानिया ने बताया कि मामले में हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। 

 

जानकारी के मुताबिक, हत्या की यह वारदात पंजाबी बाग से बदरपुर के बीच चलने वाली रूट संख्या 479 की क्लस्टर बस में हुई। बृहस्पतिवार शाम को घटना के दौरान बस में कई लोग यात्रा कर रहे थे।

 

युवक इस बस में लाजपत नगर से सवार हुआ था। इसी बीच उसका मोबाइल फोन लूट लिया गया। शक के आधार वह युवक लूट का विरोध कर रहा था।

 

इसी दौरान यूनिफॉर्म पहने चार-पांच युवकों ने चाकुओं से उस पर हमला कर दिया, लेकिन किसी ने भी बदमाशों का विरोध नहीं किया।

 

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम को तकरीबन 8 बजे एक चलती बस में युवक को चाकू मारने की कॉल मिली थी। घटना की जानकारी मिलने पर उसे होली फैमिली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

 

वहीं, इस घटना को लेकर पुलिस का कहना है कि स्कूल ड्रेस में नाबालिग जेबकतरों का गिरोह भी हो सकता है, पुलिस ने यह भी बताया है कि ऐसी ही घटनाएं पहले भी हो चुकी है। इस वजह से इस अप्रिय घटना को अंजाम देने वाले स्कूली ड्रेस के लड़के गिरोह में शामिल होने का शक है।

Leave a Reply