दिवाली पर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम

नई दिल्ली । दिल्ली पुलिस दिवाली के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए तकनीक का भरपूर इस्तेमाल कर रही है। बाजारों में भीड़ में छिपे असामाजिक तत्वों पर निगाह रखने के लिए फेस रिकग्निशन कैमरों की मदद ली जा रही है। वहीं, ड्रोन की सहायता से भी निगरानी की जा रही है। यही नहीं, दिल्ली पुलिस के महिला-पुलिसकर्मी सादी वर्दी में खरीदार के रूप में बाजारों में मौजूद हैं। साथ ही अर्धसैनिक बलों के जवानों को भी प्रमुख बाजारों में तैनात किया गया है। दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने बताया कि राजधानी के प्रमुख बाजारों में भीड़ को देखते हुए सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। अर्धसैनिक बलों की करीब 50 अतिरिक्त कंपनियां तैनात की गई हैं। भागीरथ पैलेस, ओल्ड लाजपात राय मार्केट, कूचा महाजनी, खारी बावली, सदर बाजार, लाजपत नगर, लक्ष्मी नगर और शाहदरा आदि प्रमुख बाजारों में फेस रिकग्निशन कैमरे लगाए गए हैं। इसका उद्देश्य संदिग्धों और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाना है। इसके साथ ही ड्रोन कैमरों से भी नजर रखी जा रही है। दिवाली के दिन भी इसका इस्तेमाल किया जाएगा। प्रमुख बाजारों में मचान पर सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। सुरक्षाकर्मी मचान से इलाके में नजर रख रहे हैं। पुलिस द्वारा लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार घोषणाएं भी कराई जा रही हैं। वहीं, सादी वर्दी में महिला और पुरुष पुलिसकर्मी खरीदार के तौर पर बाजार में गश्त कर रहे हैं। आईज एंड ईयर योजना के तहत लोगों से संदिग्ध वस्तु और व्यक्ति को देखने पर पुलिस को सूचित करने के लिए कहा जा रहा है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बाजारों के प्रवेश मार्ग पर गेट लगाकर लोगों को रोका जा रहा है, जिससे अधिक भीड़ जमा न हो सके। साथ ही जो कोरोना से बचाव का नियम पालन नहीं कर रहे हैं, उनके चालान भी काटे जा रहे हैं। बाजारों में पुलिसकर्मियों द्वारा मेटल डिटेक्टर से भी लोगों व वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए स्थानीय लोगों, कारोबारी और मार्केट एसोसिएशन के पदाधिकारियों का सहयोग लिया जा रहा है। सदर बाजार, सरोजिनी नगर, कनॉट प्लेस और चांदनी चौक मार्केट में खासी भीड़ होती है। त्योहारी सीजन में यह और बढ़ जाती है। इस स्थिति में मार्केट की सुरक्षा कड़ी करने के साथ महामारी से बचाव के एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। इन स्थानों पर 24 घंटे पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है।
