दिव्यांग सिंगर संग सलमान खान ने गाया गाना

मुंबई । बॉलीवुड के दबंग खान का एक वीडियो इन दिनों काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में सलमान एक दिव्यांग सिंगर के साथ किशोर कुमार का गीत गुनगुना दिख रहे हैं। सलमान के चाहने वालों को उनका यह वीडियो इतना पसंद आया कि केवल 7 घंटे में ही इसे लाखों व्यूज हो चुके हैं। दरअसल, अभी पिछले कुछ दिनों से सलमान सोशल मीडिया पर कुछ ज्यादा ही सक्रिय हैं और अपने फैन्स को अपनी निजी जिंदगी और फिटनेस रूटीन की झलकियां दिखाते रहते हैं। फिलहाल सलमान का जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, उसमें वह 'इंडियन आइडल' फेम थूपेन सेरिंग संग 1970 में आई फिल्म 'प्रेम पुजारी' के गाने 'फूलों के रंग से' को गाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के अपलोड होने के केवल 7 घंटे बाद ही इसे 18 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं। वीडियो में थूपेन कहते हैं "मिले न मिले ये तो मुकद्दर की बात है, हम कोशिश भी न करे ये तो गलत बात है। जिंदगी जख्मों से भरी है, वक्त को मरहम बनाना सीख लो. हारना तो है एक दिन मौत से, फिलहाल जिंदगी को जीना सीख लो।"
जिसके बाद के बाद थूपेन तारीफ करते हुए 'दबंग' स्टार ने कहा : "अरे वाह!" और फिर दोनों किशोर कुमार के मशहूर गीत को गाना शुरू कर देते हैं। सलमान संग अपनी मुलाकात की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए थूपेन ने कैप्शन लिखा "और वास्तव में ऐसा हुआ।" बता दें कि इन दिनों सल्लू मियां सोशल मीडिया पर कभी अपने डांस तो कभी सिंगिंग के चलते छाए रहते हैं।
