दुती चंद विश्व यूनिवर्सिटी गेम्स में स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय

भारतीय एथलीट दुती चंद ने इटली में वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स के 100 मीटर वर्ग में स्वर्ण जीतकर इतिहास रचा है। राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारी दुती विश्व यूनिवर्सिटी गेम्स में ट्रैक एंड फील्ड में स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी हैं। 23 साल की दुती ने 11.32 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण जीता। दुती ने रेस में शुरुआत से ही बढ़त बना ली।वहीं स्विट्जरलैंड की डेल पोंटा ने 11.33 सेकंड का समय लेकर रजत और जर्मनी की लिजा कवा यी ने 11.39 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक हासिल किया।
दुती के नाम 11.24 सेकंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड है और वह विश्व स्तर पर 100 मीटर में स्वर्ण जीतने वाले पहली भारतीय हैं। वहीं विश्व स्तर पर स्वर्ण जीतने वाले दूसरी भारतीय धाविका बन गई। उनसे पहले हिमा दास ने पिछले साल ने विश्व जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 400 मीटर में स्वर्ण जीता था।
पिछले साल हुए एशियन गेम्स में 100 मीटर और 200 मीटर दोनों में रजत जीतने वाली दुती ट्रेक एंड फील्ड में वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में स्वर्ण जीतनें वाली दूसरी भारतीय बन हैं। इससे पहले 2015 में इंद्रजीत सिंह ने पुरुषों के शॉट पुट में स्वर्ण जीता था। दुती को इस शानदार सफलता पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और खेल मंत्री ने शुभकामनाएं दी हैं।
छेत्री बने साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष फुटबॉलर
अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) ने 2018-19 साल के लिए राष्ट्रीय टीम के कप्तान सुनील छेत्री को साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष फुटबॉलर का अवार्ड दिया गया है। छेत्री ने छठी बार यह खिताब जीता है। वहीं महिलाओं में आशालता देवी को साल की सर्वश्रेष्ठ फुटबॉल खिलाड़ी बनी हैं। छेत्री ने इससे पहले 2007, 2011, 2013, 2014 और 2017 में भी यह अवॉर्ड हासिल किया था। वहीं छेत्री ने कहा, ‘इस अवार्ड का आईएसएल और आई-लीग के प्रशिक्षकों ने मिलकर चुना है, इसलिए यह अवॉर्ड मेरे लिए और भी अहम है। मैं अपने क्लब के साथियों, प्रशिक्षकों, साथी खिलाड़ियों और राष्ट्रीय टीम के स्टाफ का आभारी हूं।’ कुछ दिनों पहले छेत्री ने जिस युवा खिलाड़ी अब्दुल सहल की तारीफ की थी उसे एआईएफएफ ने साल के उभरते खिलाड़ी का इनाम दिया है। महिलाओं के वर्ग में यह पुरस्कार डेंगमेई ग्रेस को दिया गया है। वहीं सर्वश्रेष्ठ रेफरी का अवार्ड तमिलनाडु के आर. वेंकटेश को मिला है जबकि जोसेफ टोनी को सर्वश्रेष्ठ सहायक रेफरी का अवॉर्ड मिला है।
