देश के नामी विवि की परीक्षा में पूछा गोकशी से जुड़ा विवादित सवाल, दिल्ली सरकार करेगी जांच  

नई दिल्ली । दिल्ली सरकार ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय(आईपीयू) की सेमेस्टर परीक्षा में गोकशी से जुड़े धर्म आधारित विवादित प्रश्न पूछे जाने को गंभीरता से लिया है। दिल्ली सरकार ने इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, आईपीयू प्रशासन ने भी संज्ञान लेते हुए जांच के लिए कमेटी गठित की है। कमेटी 10 दिन के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। आईपीयू की एलएलबी की तीसरे सेमेस्टर की लॉ ऑफ क्राइम-1 पेपर की परीक्षा 7 दिसंबर को हुई थी। इस परीक्षा में एक विवादित सवाल आया, जिसमें छात्रों से पूछा गया कि एक मुस्लिम युवक अहमद बाजार में रोहित, तुषार व अन्य हिंदू लड़कों के सामने गोकशी करता है, उसका यह कृत्य क्या अपराध है। इस विवादित प्रश्न के पूछे जाने को सरकार ने गंभीरता से लिया है। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि आईपीयू से संबद्ध नरेला स्थित लॉ स्कूल की एलएलबी की तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा में बेहद आपत्तिजनक प्रश्न पूछा गया। उन्होंने कहा कि एलएलबी परीक्षा के लिए सांप्रदायिक रंग के साथ इस तरह का सवाल कैसे बनाया जा सकता है। यह गंभीर मामला है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। सरकार ने उच्च शिक्षा सचिव को मामले की जांच के लिए कहा है और पांच दिन के भीतर स्टेटस रिपोर्ट देने को कहा है। उधर, दूसरी ओर आईपीयू के परीक्षा नियंत्रक(ऑपरेशन) ने प्रश्न पर संज्ञान लेते हुए मामले की जांच के लिए कमेटी बनाई है। 

Leave a Reply