देश-विदेश की वे राजकुमारियां, जिन्होंने शाही जिंदगी छोड़ थाम लिया आम आदमी का दामन

प्यार न महल देखता है और न ही झोपड़ा। अपने प्यार को पाने की खातिर कई महिलाओं ने राजघराने के ऐश-ओ-आराम को लात मार दी तो कई ने आम आदमी को हमसफर बना लिया। हाल ही में जापान की राजकुमारी माको ने शाही परिवार से बाहर के एक आम इंसान से शादी से करने का फैसला किया। इसके लिए उन्होंने शाही परिवार से मिलने वाली भारी भरकम दौलत भी ठुकरा दी। अक्टूबर में होने वाली इस शादी के लिए उनका बॉयफ्रेंड अमेरिका से लौट भी आया है। ऐसा नहीं है कि इश्क ने ऐसा मुकाम पहली बार देखा है कि किसी राजकुमारी ने आम आदमी से प्यार किया हो और शादी रचा ली हो। जापान की राजकुमारी के अलावा भारत की दीया कुमार समेत दुनिया के कई हिस्सों की राजकुमारियां आम लोगों से शादी के लिए राजसी सुख छोड़ती रही हैं।
दीया की शादी पर पूरा समाज था खफा, राजघराने से तोड़ दिया था रिश्ता
जयपुर के पूर्व महाराज सवाई भवानी सिंह व पद्मिनी देवी की इकलौती संतान दीया कुमारी राजनीति में रहीं और विधायक भी बनीं। दीया कुमारी और एक आम आदमी नरेंद्र की पहली मुलाकात 1989 में हुई थी। उस वक्त वह महज 18 साल की थीं। तब नरेंद्र ग्रेजुएशन के बाद चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने की तैयारी कर रहे थे। एक बार वह महल में आए तभी दीया की मुलाकात नरेंद्र से हुई थी। हालांकि, समान गोत्र होने के नाते दोनों की शादी को लेकर राजपूत समाज ने नाराजगी जताई थी, मगर दोनों ने अगस्त 1997 में कोर्ट में गुपचुप शादी कर ली थी। इसके बाद काफी हंगामा हुआ था और दीया कुमारी का राजघराने से रिश्ता भी खत्म हो गया था। दोनों के दो बच्चे हैं। हालांकि, शादी के 21 साल बाद दोनों ने पारिवारिक वजहों से अलग होने का फैसला ले लिया था।
