दोस्ती स्वीकार न करने पर पूर्व विधायक की बेटी को अगवा करने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

बिहार की एक स्थानीय पार्टी का कार्यकर्ता इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर पूर्व विधायक की बेटी को परेशान कर रहा था। पीड़िता ने उसकी दोस्ती स्वीकार नहीं की तो आरोपी ने उसे अपहरण और उसके अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी दे डाली। दक्षिण-पश्चिमी जिले की साइबर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से एक मोबाइल बरामद किया गया है, जिसमें आठ फर्जी इंस्टाग्राम आईडी मिली हैं।

पीड़ित युवती के पिता पूर्व विधायक हैं, जबकि आरोपी बिहार की एक स्थानीय पार्टी से जुड़ा हुआ है। आरोपी युवती के पिता को जानता है। इसलिए वह युवती से दोस्ती करना चाहता था। युवती ने मना कर दिया तो आरोपी उसका अपहरण करने और जान से मारने की धमकी देने लगा। उसने युवती को इंस्टाग्राम पर वॉयस रिकॉर्डिंग मैसेज भी भेजा था, जिसमें आपत्तिजनक बातें कहीं गई हैं। पुलिस को इंस्टाग्राम से जो आईपी एड्रेस मिला उससे आरोपी की पहचान आनंद पर्वत निवासी मिथुन तिवारी (22) के रूप में हुई। एसआई राकेश की टीम ने आरोपी को 31 मार्च को गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply