दोस्तों को अपनी बाइक देने से पहले रहे सावधान! हो सकता है ये धोखा और खड़ी न हो जाए मुसीबत

अगर आप भी मांगने पर अपने दोस्तों को बाइक दे देते हैं तो थोड़ा सावधान होने की जरूरत है! दरअसल, पंजाब के लुधियाना में एक ऐसा मामला सामने आया है जो आपको भी हैरत में डाल सकता है।यहां कुछ समय के लिए दोस्त की बाइक मांगकर दो युवक लूटपाट की वारदात करते थे। आरोपियों ने दोस्त की बाइक पर लूट की वारदातें कीं और सामान बेचने के लिए जाने लगे तो थाना शिमलापुरी पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया। 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के तीन मोबाइल, दो लैपटॉप और बाइक बरामद किया है। थाना शिमलापुरी पुलिस ने इस मामले में शिमलापुरी स्थित प्रीत नगर निवासी गुरप्रीत सिंह और बसंत नगर निवासी अजय सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों को मंगलवार को अदालत में पेश किया। वहां से दोनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है। 

जांच अधिकारी एएसआई जरनैल सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी प्रीत नगर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी चोरी का सामान लेकर बेचने की फिराक में हैं। पुलिस ने नहर के पास नाकाबंदी कर दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। 

पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपियों के पास जो बाइक है वह उनके दोस्त की है। वह अक्सर दोस्तों की बाइक मांग कर ही ले जाते थे और उसी पर वारदातें करते थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले भी इलाके में कई वारदातें की है।

आरोपियों के खिलाफ थाना सलेम टाबरी और थाना शिमलापुरी में पहले भी मामले दर्ज है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पता लगाने में जुटी है कि वह चोरी की वारदात करने के बाद चोरी का सामान किस व्यक्ति को बेचते थे। 

Leave a Reply