दो दिन बाद बिगडेगा मौसम, छाएंगे बादल, कई स्थानों पर बरसात होने की भी संभावना

भोपाल । मध्यप्रदेश में दो दिन बाद मौसम बिगडने वाला है। प्रदेश के आसमान पर बादल छाएंगे और कई स्थानों पर बरसात होने की भी पूरी संभावना है। प्रदेश में हवाओं का रुख बार-बार बदल रहा है। इस वजह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। दिन भी धूप में तल्खी महसूस होने लगी है, लेकिन रात में गुलाबी ठंड बरकरार है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक दो-तीन दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहेगा। इसके बाद मौसम का मिजाज बिगड़ेगा। वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ने लगेगी। इससे 15 फरवरी के बाद प्रदेश के कुछ स्थानों पर बादल छाएंगे। साथ ही राजधानी सहित प्रदेश के कई स्थानों पर बरसात भी होने की भी संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में कोई वेदर सिस्टम सक्रिय नहीं है। इस वजह से मौसम शुष्क बना हुआ है। आसमान साफ रहने के कारण अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। दोपहर के समय धूप चुभने लगती है। उधर 15 फरवरी को प्रदेश में पूर्वी हवाओं का ट्रफ (द्रोणिका लाइन) बनने जा रहा है। इस सिस्टम के कारण बंगाल की खाड़ी से प्रदेश के वातावरण में आद्रता बढ़ने लगेगी। इससे बादल छाएंगे। 16 से 19 फरवरी के बीच प्रदेश के भोपाल, होशंगाबाद, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, शहडोल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना है।मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि वर्तमान में हवा का रुख उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी हो रहा है। उत्तर भारत की तरफ से आने वाली सर्द हवाओं के कारण दिन का तापमान अधिक नहीं बढ़ पा रहा है। साथ ही रात में ठंड बरकरार है।साहा के मुताबिक तापमान में उतार चढ़ाव की स्थिति तीन दिन तक बनी रहने के आसार हैं।
