दो लुटेरी दुल्हनों ने शादी के छह दिन बाद ही लाखों के जेवर और नकद पर किया हाथ साफ, दो गिरफ्तार

भरतपुर. राजस्थान के भरतपुर में छह दिन की दुल्हन (Bride) बनकर ससुराल पक्ष के लोगों को चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश करने के बाद लाखों रुपए के जेवरात (Ornament) और लाखों की नकदी (Cash) पर हाथ साफ कर फरार हो गई. पुलिस ने इस मामले में दो को गिरफ्तार (Arrested) कर लिया है. एक लुटेरी दुल्हन को चिकसाना थाना पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. पुलिस ने उसकी सहयोगी तथाकथित भाभी का रोल अदा करने वाली महिला को भी गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरी दुल्हन और अन्य सहयोगियों की पुलिस सरगर्मी से तलाश करने में लगी हुई है. चिकसाना थाना के एसएचओ श्रवण पाठक ने बताया कि गत 8 नवंबर को भरतपुर के हथैनी गांव के निवासी रमेश और भूरा की शादी सीमा और शिवानी नामक महिला के साथ एसटीसी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में संपन्न कराई गई थी. यह दोनों सगी बहनें बताई गई थी और वह उत्तर प्रदेश के बरेली की रहने वाली थी.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि संतोष यादव ने बिचौलिये के रूप में भूमिका निभाई थी. शादी के बाद सभी लोग चले गए और दूल्हे, दुल्हनों को विदा कर दूल्हा अपने गांव हथैनी ले आए थे.
पहले खाने में नशीला पदार्थ मिलाया, फिर पिलाई नशीली चाय
श्रवण पाठक ने बताया कि नई नवेली दुल्हन के घर में आने पर जश्न का माहौल था.इन दोनों ही नई दुल्हनों से गत 14 नवंबर को पहली बार खाना बनवाया गया था. इन दुल्हनों ने खाने में भी जहरीला पदार्थ डालकर अपने ससुराल जनों को खिलाया था, लेकिन जब इनके द्वारा खिलाएं खाने से कोई असर नहीं पड़ा तब इन्होंने बाद में चाय में जहरीला पदार्थ मिलाकर ससुराल पक्ष के लोगों को पिला दिया. थोड़ी देर बाद सभी लोग गहरी नींद में सो गए तब इन शातिर दुल्हनों ने घर में रखे लाखों रुपए के जेवरात और करीब दो लाख रूपए की नगदी पर हाथ साफ कर अपने सहयोगियों को बुलाकर उनके साथ फरार हो गई.
गैंग का मुखिया भरतपुर में पहले ही दे चुका है कई वारदातों को अंजाम
उन्होंने बताया कि सुबह जब शादी वाले घर में कोई चहल-पहल नहीं हुई तब गांव के लोगों ने घर आकर देखा तो सभी लोग सोए हुए थे. आनन-फानन में सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिर बाद में चिकसाना थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराई गई. पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के बाद दो अलग-अलग टीमें बनाकर उत्तर प्रदेश के बरेली भेजी.
पुलिस की टीम ने साइबर सेल की मदद से लुटेरी दुल्हन का पता लगा लिया और जगह-जगह दबिश देकर फर्जी दुल्हन बनी शिवानी निवासी पहाड़पुर बरेली उत्तर प्रदेश और शादी में दुल्हन की भाभी का रोल अदा करने वाली कमला को बरेली के कनकपुर गांव से पकड़ लिया. इन्होंने पुलिस के सामने अपनी करतूत स्वीकार ली है और अपने सहयोगियों के नाम भी उगले हैं. फिलहाल पुलिस दूसरी दुल्हन और अन्य सहयोगियों की तलाश में लगी हुई है. यह जानकारी मिली है कि गैंग का मुखिया भरतपुर में पहले भी इस तरह की कई वारदातों को अंजाम दे चुका है.
