दो साल की बच्ची को चलती ट्रेन से फेंका, किस्मत से बची मासूम की जान

मध्यप्रदेश के खंडवा में दो साल की मासूम बच्ची के साथ दिल-दहलाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक एक दो साल की बच्ची को चलती ट्रेन से मरने के लिए फेंक दिया, लेकिन बच्ची की किस्मत अच्छी थी की वह बच गई. रेलवे ट्रैक किनारे पड़ी इस बच्ची  पर जब रेलवे के रनिंग स्टाफ की नजर पड़ी तो मौके पर पहुंचे जीआरपी कर्मियों ने बच्ची को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया. बच्ची बुरी तरह से घायल हो चुकी है और उसके सिर में 10 टांके लगे है. फिलहाल बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है. वही पुलिस बच्ची के माता- पिता की तलाश में जुट गई है.

जानकारी के मुताबिक खंडवा जंक्शन से करीब 3 किमी दूर आबना नदी के पास किसी ने ट्रेन से दो साल की बालिका को फेंक दिया, लेकिन इस नन्हीं परी के भाग्य में जिंदगी लिखी थी. पास से 100 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से गुजरती ट्रेन और नीचे गहरी आबना नदी के बीच ब्रिज पर फंसकर बालिका की जान बच गई.

वहीं फीमेल मेडिकल वार्ड में भर्ती महिलाओं के साथ आई अन्य महिलाओं को जैसे ही इस घटना का पता चला, वे बच्ची को देखने पहुंचीं और उसे दुलार किया. फिलहाल मासूम बच्ची का अस्पताल में इलाज जारी है.

Leave a Reply