धान का उपार्जन हुआ ओर अधिक सरल, समय पर मिल रहा भुगतान

भोपाल । नई व्यवस्थाओं के कारण धान का उपार्जन मंडी में और अधिक सरलता एवं कम समय में हो रहा है। ग्राम वनखेड़ी जिला होशंगाबाद के किसान दिनेश कुमार खाद्य विभाग के फोन सेंटर से आए कॉल पर जानकारी दे रहे थे। उन्होंने बताया कि आज उन्होंने 138 क्विंटल धान का विक्रय किया है। प्रमुख सचिव खाद्य फैज अहमद किदवई ने कहा कि खरीफ फसल के उपार्जन के लिए किसानों को किसी प्रकार की असुविधा होने पर वे सीधे कॉल सेंटर पर अपनी शिकायत दर्ज करा रहे हैं। जहाँ से उनकी शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है।
प्रमुख सचिव श्री किदवई ने बताया कि विगत दो माह में कॉल सेंटर से लगभग 85 प्रतिशत शिकायतों का निपटारा किया गया। जिससे किसानों को किसी प्रकार की कोई परेशानी उपज विक्रय में नहीं हो रही है।उन्होंने कहा कि कॉल सेंटर से प्रतिदिन विभिन्न जिलों के लगभग दस किसानों से फोन पर उपार्जन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली जा रही है।
संचालक खाद्य तरूण पिथौडे ने बताया कि ग्राम वनखेडी जिला होशंगाबाद के अलावा ग्राम नूतनदंगा जिला बैतूल के किसान परिमल बैरागी ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में उपार्जन व्यवस्था सुव्यवस्थित होने से वे अपनी 66 क्विंटल धान निर्धारित दर पर सहजता से विक्रय कर सके। बैतूल के ही एक अन्य किसान रामकिशन पाल ने 114 क्विंटल धान का विक्रय किया। उन्होंने बताया कि मुझे भुगतान की बिल्कुल चिंता नहीं है क्योंकि मेरे साथियों का भुगतान तीन दिन के अंदर ही उनके खाते में आ गया था।
ग्राम घोडा डोंगरी जिला बैतूल के ही मूलचंद एवं ग्राम बनखेड़ी जिला होशंगाबाद के किसान राजेश कुमार साहू ने बताया कि उपार्जन केन्द्रों में पेयजल व्यवस्था एवं तुलाई सुव्यवस्थित होने के कारण वे अपनी 132 क्विंटल धान का सरलता से विक्रय कर सके। उन्होंने कहा कि उपार्जन केन्द्रों पर बिचौलियों का किसी प्रकार का कोई दखल देखने को नहीं मिला। इनके अलावा कॉल सेंटर से होशंगाबाद एवं बैतूल के ही नाथूराम झांगड़ जिन्होंने 71.30 क्विंटल,बाली किशन ने 88.20 क्विंटल, महेन्द्र सिंह गौड़ ने 63 क्विंटल,ग्राम जोगीबोडा के बहादुर सिंह ठाकुर ने 26 क्विंटल एवं इमलीखेडा के चितरंजन मण्डल ने 76 क्विंटल धान का विक्रय किया।
