नए मॉडल की बताकर बेच दी पुरानी कार

भोपाल। राजधानी के मिसरोद थाना इलाके मे नए मॉडल की कार बताकर पुराने मॉडल की कार बेचने का मामला सामने आया है। पीड़ित से नए मॉडल की कार के 13 लाख 53 हजार रुपए आरोपी शो-रुम कर्मचारियो ने लिए, लेकिन 11 लाख 60 हजार रुपए कीमत की पुराने मॉडल की कार उसे थमा दी। जब पीड़ित ने कार की इनवाइस मांगी तब उसको गड़बड़ी का पता चला। पुलिस ने चार साल बाद रंजीत ऑटोमोबाइल के तीन कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार फरियादी राजेश रंजन ने शिकायती आवेदन देते हुए बताया कि उन्होंने रंजीत ऑटो से अक्टूबर 2016 में एक्सएलडीओ मॉडल की निशान टेरेनो कार बुक की थी। उनको एक्सएल मॉडल की कार की डिलीवरी दी गई। इसके लिए उनसे 13 लाख 53 हजार रुपए ले लिए गए। राजेश रंजन को दूसरे मॉडल की कार देने का शक हुआ तो उन्होंने इनवाइस की मांग की। इसके बाद उनको एक ही नंबर के तीन अलग-अलग इनवाइस दिए गए। तीनों ही इनवाइस में उनके द्वारा किए गए पैमैंट के अमाउंट का मिलान नहीं हुआ। यही नहीं, तीनों ही इनवाइस पर सिग्नेचर भी अलग-अलग लोगों के थे। वहीं डीलर की तरफ से आरटीओ में गाड़ी का जमा कराया गया इनवाइस भी अलग निकला। उस इनवाइस से उन्हे पता चला कि उनको दी गई गाड़ी फरवरी 2016 में खरीदी गई थी। इस मामले में मिसरोद पुलिस ने रंजीत ऑटो मोबाइल पर काम करने वाले तीन कर्मचारियों धनजीत, विशाल सक्सेना और भूपेन्द्र श्रीवास्तव के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

Leave a Reply