नदी में डूबने से एएसआई सहित दो की मौत, पुलिस महकमे में पसरा मातम

बाड़मेर. राजस्थान के बाड़मेर (Barmer) जिले में शनिवार को बालोतरा कस्बे के पास लूनी नदी (Luni River) में डूबने से दो लोगों की मौत हो गई. जानकारी के अनुसार एक पुलिस एएसआई (ASI) कानाराम और उसका साथी पानी में तैरने के लिए नदी में उतरे थे, लेकिन पानी गहरा था, अचानक पैर फिसलने से दोनों का बैलेंस बिगड़ गया और दोनों की नदी में डूबने से मौत (Drown to Death) हो गई. इस घटना से आसपास के लोगों में हाहाकार मच गया. आनन-फानन में पुलिस (Police) मौके पर पहुंची और दोनों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन (Rescue Operation) शुरू किया.
करीब एक दर्जन तैराकों को पानी में उतारा गया, लेकिन तबतक बहुत देर हो चुकी थी. एक के बाद एक दोनों को निकाला गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
इस घटना के बाद से चारो तरफ मातम का माहौल है. एएसआई के डूबने से हुई मौत को लेकर पुलिस महकमे में भी उदासी छाई हुई है. दोनों के शवों को बालोतरा अस्पताल (Balotara Hospital) की मोर्चरी में रखवाया गया है जहां लोगों की भीड़ लगी हुई है.
