नदी से निकलकर घर में घुसा मगरमच्छ, बुजुर्ग ने पीट-पीटकर मार डाला

कोटा । राजस्थान के कोटा जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां एक मगरमच्छ का बच्चा गांव में घुस गया। इससे गांव में कोहराम मच गया। हालांकि, मगरमच्छ के बच्चे को पीट-पीटकर मार डाला। घटना की सूचना मिलते ही कोटा वन मंडल हरकत में आया और मगरमच्छ के शव को बरामद कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, मामला बूढादीत थाना क्षेत्र के बगावदा गांव का है। कहा जा रहा है कि कालीसिंध नदी से निकलकर एक मगरमच्छ का बच्चा घर में घुस गया, जिसे लाठी से पीट-पीटकर 70 साल के बुजुर्ग हलकुराम रैगर ने मार दिया। घटना की खबर मिलने के बाद कोटा वन मंडल हरकत में आया और मौके पर सुल्तानपुर रेंजर को भेजा। मामले की जांच करते हुए वन विभाग ने मारे गए मगरमच्छ के बच्चे का शव बरामद कर लिया। साथ हलकुराम रैगर के खिलाफ वन्यजीव अधिनियम 1972 में मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
वन विभाग ने तीन पशु चिकित्सकों का मेडिकल बोर्ड गठित करने बाद मगरमच्छ के शव का पोस्टमार्टम करवाया। वन्यजीव अधिनियम 1972 के मुताबिक, मगरमच्छ शैड्यूल फर्स्ट श्रेणी का वन्यजीव है। उसकी हत्या करने पर अभियुक्त को 3 से 7 साल की कैद और 10 हजार रूपए जुर्माने की सजा हो सकती है। मगरमच्छ को इस तरह मारने की खबर वन विभाग को सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पता चली।
