नहीं रहे कांग्रेस के पूर्व विधायक गोवर्धन कल्ला, CM गहलोत ने जताया शोक

जैसलमेर: राजस्थान कांग्रेस (Congress) के वृद्ध नेता और पूर्व विधायक गोवर्धन कल्ला (Former MLA Govardhan Kalla) का सोमवार देर रात को निधन हो गया. वो 89 साल के थे. गोवर्धन कल्ला पिछले कुछ वक्त से अस्वस्थ चल रहे थे. हाल ही में उन्होंने खाना पीना भी छोड़ दिया था. जिसके चलते सोमवार देर रात को उनका निधन हो गया.
गोवर्धन कल्ला का अंतिम संस्कार मंगलवार यानी आज व्यास छतरी श्मशान घाट पर किया जाएगा. यहां आपको बता दें कि रविवार को ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (CM Ashok Gehlot) उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए पहुंचे थे. वहीं उससे पहले कैबिनेट मंत्री बीडी कल्ला, सालेह मोहम्मद, हरीश चौधरी और सीएम गहलोत के बेटे वैभव गहलोत भी उनसे मिलने के लिए पहुंचे थे.
गोवर्धन कल्ला के निधन की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्विटर पर ट्वीट करते हुए शोक व्यक्त किया. अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा, 'पूर्व विधायक गोवर्धन कल्ला के निधन की जानकारी बेहद दुखद है. कल ही जैसलमेर विजिट के दौरान उनके निवास पर पहुंचकर मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी थी. ईश्वर से प्रार्थना है कि वो इस कठिन घड़ी में शोकाकुल परिजनों को संबल दें और दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें.'
गौरतलब है कि गोवर्धन कल्ला शुरू से ही कांग्रेस में सक्रिय थे. उन्होंने 1989 में कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ा था और केवल 2200 वोटों से वह हार गए थे. उनके बारे में कहा जाता है कि जातिगत वोट आधार नहीं होते हुए भी उन्होंने चुनाव लड़ा था.
