नाबालिग को दो युवकों ने बनाया बंधक, 3 दिन तक करते रहे रेप

जोधपुर । भोपालगढ़ थाना इलाके में एक घिनौनी वारदात सामने आई है। वहां दो युवक एक नाबालिग लडक़ी को बहला-फुसलाकर ले गए और उसे बंधक बना लिया। युवकों ने तीन दिन तक उससे रेप किया। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस पीडि़ता को बरामद कर लाई। मानसिक अवसाद से बाहर के आने के बाद पीड़िता ने परिजनों को आपबीती बताई तो उन्होंने  इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार वारदात 20 जून की बताई जा रही है। भोपालगढ़ क्षेत्र की एक 17 वर्षीया नाबालिग शौच के लिए जा रही थी। इसी दौरान मेड़ता पूर्व का राजूराम और किशोर भंवरिया उसे बहला-फुसलाकर बाइक पर बैठाकर अज्ञात स्थान पर ले गए। युवकों ने वहां तीन दिन तक बंधक बनाकर नाबालिग से रेप किया। आरोपियों ने घटना के बारे में किसी को बताने पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी। दूसरी तरफ नाबालिग के लापता होने पर परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। इस पर पुलिस उसे 24 जून को ढूंढक़र लाई। घर पहुंची पीडि़ता वारदात से डरी रही। थोड़ा सामान्य होने पर उसने परिजनों को आपबीती बताई तो उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई। इस पर पीडि़ता के पिता शनिवार को थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। भोपालगढ़ पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 363, 376-डी व पॉक्सो की धारा 5/6 समेत सक्षम धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपियों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।

Leave a Reply