नासिक में 13 साल की बच्ची से गैंगरेप

नासिक। महाराष्ट्र के नासिक जिले में 13 साल की एक लड़की से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने एक महिला समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित के माता-पिता शनिवार रात को जब काम से घर लौटे तो उन्होंने अपनी बेटी को घर पर नहीं पाया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बाद में उसकी तलाश करने पर उन्होंने पास के एक मकान की छत पर उसे रोता हुआ देखा। उन्होंने बताया कि रोने का कारण पूछने पर उसने माता-पिता को घटना की जानकारी दी जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया, जिनकी उम्र 19 से 29 साल के बीच है। एक नाबालिग को तड़के हिरासत में लिया गया। पुलिस ने इस संबंध में एक महिला को भी गिरफ्तार किया, जिसने अपराध में कथित रूप से आरोपियों की मदद की। अधिकारी ने बताया कि जिले के सरकारी अस्पताल में पीड़ित का उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आईपीसी और पॉक्सो कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
