निकाय चुनाव: जल्द जारी होगी 6 नए नगर निगमों के वार्डों के आरक्षण की अधिसूचना

जयपुर. प्रदेश में स्वायत्त शासन विभाग के द्वारा बनाए गए नए नगर निगमों (Municipal corporations) के वार्डों के आरक्षण (Reservation of wards) की अधिसूचना (Notification) सरकार जल्द ही जारी करेगी. निकाय चुनावों से ठीक पहले राज्य सरकार (State government) ने राजधानी जयपुर (Jaipur) समेत जोधपुर (Jodhpur) और कोटा (Kota) नगर निगम को बांटकर इनकी जगह दो-दो नगर निगम बना दिए हैं.
स्वायत्त शासन मंत्री की मंजूरी के बाद जारी होगी अधिसूचना
इनके वार्डों के आरक्षण के लिए जारी की जाने वाली अधिसूचना से संबधित पत्रावली को स्वायत्त शासन विभाग के शासन सचिव भवानी सिंह देथा ने सरकार के पास भेज दिया है. पत्रावली का स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल अवलोकन करके उसे मंजूरी देंगे. मंत्री धारीवाल की स्वीकृति के बाद स्वायत्त शासन विभाग की अधिसूचना जारी होगी. इस अधिसूचना में जयपुर हैरिटेज व जयपुर ग्रेटर, कोटा उत्तर व कोटा दक्षिण और जोधपुर उत्तर व जोधपुर दक्षिण नगर निगमों के वार्डों के आरक्षण के लिए अधिसूचना जारी होगी.
जयपुर, जोधपुर और कोटा में बनाए गए हैं 2-2 नगर निगम
उल्लेखनीय है कि इस बार राज्य सरकार ने निकाय चुनाव से पहले इसको लेकर कई बड़े परिवर्तन किए हैं. इनमें जयपुर, जोधपुर और कोटा में नगर निगमों की संख्या 2-2 करने के साथ ही निकाय प्रमुख का चुनाव अप्रत्यक्ष प्रणाली से कराया जाना तय किया गया है. प्रदेश के 196 निकायों के चुनाव 4 चरणों में होने हैं. निकाय चुनाव का पहला चरण आगामी 16 नंवबर होगा.
पहले चरण में 49 निकायों में चुनाव होंगे
इस चरण में 49 निकायों में चुनाव होंगे. इसके लिए अधिसूचना जारी होने के बाद अब नामांकन दाखिल करने का काम चल रहा है. पहले जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम के चुनाव भी इस चरण में होने थे, लेकिन नगर निगमों के पुनर्गठन के कारण बाद में इनके चुनाव फिलहाल कैंसिल कर दिए गए है. इन नगर निगमों के महापौर पद की आरक्षण लॉटरी निकाली जा चुकी है.

Leave a Reply