निजी लैब में सेम्पलों की जांच भेजने पर ली आपत्ति

भोपाल। राज्य के जल संसाधन विभाग के अधीन भोपाल एवं जबलपुर में कार्यरत शासकीय मिट्टी एवं धातु परीक्षण प्रयोगशाला ने विभाग के अंतर्गत चल रही विभिन्न परियोजनाओं के निर्माण कार्य में उपयोग में आने वाली निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांच हेतु सेम्पल निजी प्रयोगशालाओं एवं इंजीनियरिंग कालेजों में भेजने पर आपत्ति की है। इससे शासकीय प्रयोगशाला में सेम्पल कम मात्रा में आ रहे हैं और प्रयोगशाला में उपलब्ध मशीनों एवं कर्मचारियों की कार्य क्षमतानुसार परीक्षण कार्य का संपादन नहीं हो पा रहा है। जल संसाधन विभाग के सिंचाई अनुसंधान संचालक ने सभी विभागीय मुख्य अभियंताओं को निर्देश जारी कर कहा है कि वे अपनी परियोजनाओं की निर्माण सामग्री के सेम्पलों की जांच इन दोनों शासकीय प्रयोगशालाओं से ही करायें और इन्हें ही सेम्पल भेजें।
