निर्माण कार्यों को मानक स्तर की गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करें 

भोपाल। निगम आयुक्त के.वी.एस.चौधरी ने कोलार क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था, थुआखेड़ा कचरा ट्रांसफर स्टेशन पर गीला-सूखा कचरा पृथक्कीकरण, प्रोसेसिंग यूनिट एवं कचरा वाहनों में गीला-सूखा कचरा अलग-अलग रखने की व्यवस्था का जायजा लिया और थुआखेड़ा सी.एण्ड.डी. प्लांट व बाबा नगर कचरा ट्रांसफर स्टेशन के निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए सी.एण्ड.डी. प्लांट एवं अन्य कचरा ट्रांसफर स्टेशनों के निर्माण कार्यों को निर्धारित मानक स्तर की गुणवत्ता के साथ शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त एम.पी.सिंह सहित निगम के अन्य अधिकारी मौजूद थे। 
निगम आयुक्त के.वी.एस.चौधरी ने मंगलवार को प्रात: कोलार क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए बेहतर ढंग से सड़कों की साफ-सफाई करने, सफाई के दौरान निकलने वाले कचरे को तत्काल उठाकर निष्पादन स्थल पर पहुंचाने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त ने थुआखेड़ा में कचरा ट्रांसफर स्टेशन पर गीला-सूखा कचरा पृथक्कीकरण की व्यवस्था, प्रोसेसिंग यूनिट की कार्य प्रणाली एवं डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन वाहनों में गीला-सूखा कचरे की पृथक-पृथक परिवहन व्यवस्था का जायजा लिया और यहां आने वाले कचरे के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। निगम आयुक्त को बताया गया कि थुआखेड़ा ट्रांसफर स्टेशन पर 41 वाहन कचरा लेकर आ रहे है जिन्हें पृथक-पृथक यूनिट में प्रोसेस किया जा रहा है। श्री चौधरी ने थुआखेड़ा ट्रांसफर स्टेशन के समीप में ही निर्माणाधीन सी.एण्ड.डी. प्लांट का भी निरीक्षण किया। श्री चौधरी ने सी.एण्ड.डी प्लांट के कार्यों की गति बढ़ाकर सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त ने सड़क निर्माण का प्रस्ताव बनाने, पम्प मोटर ठीक कराकर जलप्रदाय व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त श्री चौधरी ने बाबा नगर ट्रांसफर स्टेशन के निर्माण कार्यों का जायजा लिया और निर्माण कार्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निगम आयुक्त को अवगत कराया गया कि वर्तमान में बाबा नगर ट्रांसफर स्टेशन के बेस का कार्य किया जा रहा है जो दो दिन में पूर्ण कर लिया जाएगा। इस ट्रांसफर स्टेशन पर गीले-सूखे कचरे के लिए 02 यूनिट स्थापित किए जायेंगे।   

Leave a Reply