निशानेबाज हिना ने पाक मंत्री को दिया करारा जवाब

नई दिल्ली । भारतीय महिला निशानेबाज हीना सद्धू ने पाकिस्तान सरकार में मंत्री चौधरी फवाद हुसैन को करारा जवाब दिया है। इमरान खान के मंत्री फवाद ने भारतीय सेना के पंजाबी सैनिकों से अपील की थी कि वे कश्मीर में ड्यूटी से इनकार कर दें।
विश्व की कई स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक विजेता रही हीना ने फवाद के ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा कि पंजाबी हमेशा से भारत और भारत के पश्चिम में जो भी है उसके बीच सबसे बड़ी दीवार बनकर खड़े रहे हैं। मैं एक पंजाबी और एक सिद्धू हूं। मैं उम्मीद करती हूं कि आपने सिख इतिहास के बारे में थोड़ा तो पढ़ा होगा। सेना को भूल जाओ…, जो हमारा है उसकी रक्षा के लिए हमें सेना में होने की जरूरत नहीं। हीना ने महिला विश्व कप-2013 और 2017 में स्वर्ण पदक जीते हैं, जबकि 2009 और 2014 में रजत पदक जीते हैं। उनके नाम राष्ट्रमण्डल खेलों में 2010 और 2018 का स्वर्ण पदक भी दर्ज है।
