नीति आयोग की बैठक की अध्यक्षता करेंगे प्रधानमंत्री

नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में फिर से सत्ता संभालने के बाद सभी मुख्यमंत्री, राज्यपाल, उपराज्यपाल, केंद्रीय मंत्री और अधिकारियों की पहली बैठक 15 जून को होगी, जब नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की बैठक होगी। मोदी की अध्यक्षता में नीति आयोग गर्वनिंग काउंसिल की यह पांचवीं बैठक होगी। वहीं नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली नई सरकार के अंतर्गत संचालन परिषद की यह पहली बैठक है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीति आयोग की संचालन परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बैठक में जल प्रबंधन, कृषि और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। परिषद नीति आयोग का शीर्ष निकाय है। इसमें सभी मुख्यमंत्री, केंद्र शासित प्रदेशों के लेफ्टिनेंट गवर्नर, कई केंद्रीय मंत्री तथा वरिष्ठ सरकारी अधिकारी शामिल हैं।
सूत्रों ने कहा, ''नीति आयोग ने बैठक में भाग लेने के लिये सभी मुख्यमंत्रियों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रमुखों को निमंत्रण भेजा है। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि संचालन परिषद महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर सकती है। इसमें जल प्रबंधन, कृषि और पिछड़ा जिला विकास कार्यक्रम से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।
