नोटबंदी का 1 साल : सरकार कराएगी ऑनलाइन कॉम्पटिशन

नोटबंदी की पहली सालगिरह पर सरकार ने कविता, निबंध लेखन, चित्रकारी, वीडियो आदि विभिन्न प्रतिस्पर्धा आयोजित करने की घोषणा की है। इसका उद्देश्य लोगों को नोटबंदी के फायदों और आर्थिक नीतियों के प्रति जागरूक करना है। केंद्र सरकार की वेबसाइट माईजीओवी डॉट इन पर जारी एक अधिसूचना के अनुसार इन प्रतिस्पर्धाओं का मकसद लोगों को रचनात्मक तरीके से भ्रष्टाचार तथा काला धन के खिलाफ मुहिम से जोड़ना है।
वेबसाइट पर निबंध प्रतियोगिता के लिए भ्रष्टाचार तथा काला धन के खिलाफ रचनाएं मंगवाई गई हैं। इसके साथ ही लोगों से इस लड़ाई को आगे और मजबूत करने संबंधी सुझाव भी मांगे गए हैं। वीडियो के लिए कहा गया है कि उनमें लड़ाई की उपलब्धियों और इसकी सामूहिक प्रकृति पर जोर दिया गया हो तथा यह लोगों को इससे जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करता हो।
कविताएं लयबद्ध होनी चाहिए। रचनाएं भेजने की अंतिम तिथि 30 नवंबर है। प्रत्येक श्रेणी में विजेता को दो लाख रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले को एक लाख रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाले को 50 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। इनके अलावा पांच लोगों को 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।
