नौ साल की बच्ची से दुष्कर्म, आरोपित को भीड़ ने पीट-पीट कर मार डाला

थाना रामामंडी के तहत आते क्षेत्र में नौ साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपित को गुस्साई भीड़ ने पीट-पीट कर मार डाला। आरोपित की पहचान पप्पू कुमार (39) पूर्णिया (बिहार) के रूप में हुई है। आरोपित सात साल से यहां किराए पर रह रहा था। गुस्साई भीड़ ने पप्पू कुमार को पहले घटनास्थल और बाद में पुलिस चौकी के बाहर जमकर पीटा, लेकिन पुलिस ने किसी को नहीं रोका। जबकि दूसरी तरफ एसीपी (सेंट्रल) हरसिमरत सिंह का कहना है कि पुलिस पप्पू को बचाकर सिविल अस्पताल ले गई, जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दकोहा में दूसरे प्रदेशों के लोगों के लिए किराये पर रहने के लिए बनाए गए क्वार्टरों में नौ साल की बच्ची अपने परिवार के साथ रहती है। बच्ची के माता-पिता मजदूरी करते हैं। रविवार को रोज की तरह वे काम पर गए थे। बच्ची क्वार्टर में अकेली थी। सुबह 10 बजे के करीब किसी काम से बच्ची का पिता कमरे में आया तो देखा बच्ची बेसुध पड़ी थी। क्वार्टर के सामने वाले कमरे में रहने वाला पप्पू भी नशे ही हालत में वहीं लेटा था। पिता ने बच्ची को उठाकर सारा किस्सा जाना तो बच्ची ने आपबीती सुनाते हुए पिता को बताया कि पप्पू अंकल ने उसके साथ गलत काम किया है। यह सुन गुस्साए पिता ने वहीं पर पप्पू की पिटाई शुरू कर दी। शोर सुन आसपास रहने वाले लोग भी मौके पर आ पहुंचे। फिर गुस्साई भीड़ ने भी पप्पू को पीटना शुरू कर दिया। करीब साढ़े तीन घंटे तक वहां पर मौजूद हर व्यक्ति ने आरोपित पप्पू की डंडों और लात-घूंसों से पिटाई की। पुलिस चौकी दकोहा के मुलाजिम मामले की सूचना मिलते ही डेढ़ बजे के करीब मौके पर पहुंचे।
सिविल अस्पताल में मामले में बयान दर्ज करने के बाद कार्रवाई करते एसपी हरमिरत सिंह और एसएचओ सुखजीत सिंह।
आरोपित पप्पू को पुलिस ने भीड़ से बचा पहले पानी पिलाया और फिर उसे चौकी ले जाया गया। इसी बीच पुलिस की गाड़ी का पीछा कर रही भीड़ भी चौकी तक आ पहुंची। भीड़ ने पप्पू को पुलिस के कब्जे से छुड़ा लिया और फिर पीटना शुरू कर दिया। भीड़ ने पप्पू की तब तक पीटा जब तक वह बेसुध होकर गिर नहीं गया। इसके बाद पुलिस वाले उसे सिविल अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, थाना रामामंडी पुलिस ने पीड़ित बच्ची का मेडिकल करवाने के लिए उसे सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया है। वहीं, पुलिस ने देर रात अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर पप्पू की पिटाई करने वालों की पहचान शुरू कर दी है।
अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
एसपी सेंट्रल हरसिमरत सिंह ने बताया कि बच्ची की मां के बयान पर पुलिस ने पप्पू कुमार के खिलाफ आइपीसी की धारा 376 व पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है, जबकि आरोपित की मौत होने पर उसे पीटने वाली भीड़ को आरोपित बना दर्जन भर अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 304 गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।
