पंकजा का उज्जैन दौरा:

पंकजा का उज्जैन दौरा:भाजपा की राष्ट्रीय सचिव पंकजा मुंडे ने उज्जैन में कहा कि बंगाल में इस बार भाजपा सरकार बनकर रहेगी

उज्जैन के लोक शक्ति कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करतीं पंकजा।
एमपी की सहप्रभारी बनने के बाद पहली बार उज्जैन आईं थीं

भाजपा की राष्ट्रीय सचिव पंकजा मुंडे पालवे ने कहा कि बंगाल में इस बार भारतीय जनता पार्टी की बहुमत से सरकार बनेगी। बंगाल में कमल के फूल का झंडा निश्चित तौर पर फहराएगा। इसमें दो राय नहीं है। उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के भाजपा में आने की अटकलों का सीधे तौर पर जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जो भी फैसले लेते हैं वो पार्टी के हित में होते हैं। पंकजा मध्यप्रदेश का सह प्रभारी बनाए जाने के बाद पहली बार उज्जैन आई थीं।

बूथ अध्यक्ष के घर गईं

महाकाल मंदिर में दर्शन के बाद पंकजा बूथ अध्यक्ष अनिल तिवारी के घर गईं। उन्होंने कहा कि पार्टी का नारा है कि मेरा बूथ सबसे मजबूत। भारतीय जनता पार्टी एक वटवृक्ष के समान है। विश्व का सबसे बड़ा संगठन है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता होना ही अपने आप में एक बड़े सम्मान के समान है।

राहुल गांधी पर तंज कसा

जब उनसे पूछा गया कि कांग्रेस के स्थापना दिवस पर राहुल गांधी नानी के घर घूम रहे हैं तो उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस एक समय पूरे देश में राज करती थी। कुछ समय बाद कांग्रेस देश में नहीं दिखेगी तो इसके लिए मैं राहुल गांधी को अभी से शुभकामनाएं देती हूं।

कार्यकर्ताओं के ताकत के बदौलत सबसे मजबूत संगठन

पंकजा ने कहा कि कार्यकर्ताओं की ताकत के बलबूते ही भाजपा का संगठन सबसे मजबूत है। इसी ताकत के सहारे आने वाले नगरीय निकाय चुनाव में हम जीत हासिल करेंगे। चुनाव की रणनीति जल्द बनाएंगे।

Leave a Reply