पंजाबः भारतीय वायुसेना में भर्ती के लिए आए युवाओं पर गिरी दीवार, करंट लगने से कई झुलसे

पंजाब के जालंधर जिले में पीएपी चौक पर भारतीय वायुसेना में भर्ती के लिए इकट्ठा हुए युवाओं संग बड़ा हादसा हो गया। सो रहे युवाओं के ऊपर अचानक एक दीवार भरभराकर गिर गई और उन्हें बिजली की तारों से करंट भी लग गया।
करंट लगने से दर्जन भर से ज्यादा युवक झुलस गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि हादसा प्रशासन की लापरवाही की वजह से हुआ।
बताया जा रहा है कि प्रशासन ने भर्ती के लिए आए युवाओं के लिए ठहरने का कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किया, जिसकी वजह से युवा सड़क पर रात गुजारने को मजबूर हुए। इनमें से कोई चौक पर सोया तो कोई फुटपाथ पर।
इसी दौरान यह हादसा हो गया। बारिश की वजह से दीवार गीली थी। देर रात पास में सो रहे युवाओं के ऊपर अचानक दीवार भरभराकर गिर गई। फिलहाल घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है।

Leave a Reply