पंजाब में नए मुख्यमंत्री ने शपथ ली

पंजाब | मगर अब कांग्रेस की नजर कैबिनेट विस्तार पर है। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने गुरुवार को राज्य कैबिनेट विस्तार को लेकर दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के साथ विचार-विमर्श किया। माना जा रहा है कि पंजाब कैबिनेट के मसले पर राहुल गांधी ने रात दो बजे तक मंथन किया और इसे अंतिम रूप दिया। नए मंत्रियों के लिए शनिवार को शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह 2 बजे तक चली चर्चा के बाद चरणजीत सिंह चन्नी कैबिनेट में नए मंत्रियों के नामों को अंतिम रूप दे दिया गया और मंत्रियों की लिस्ट पर राहुल गांधी ने भी मुहर लगा दी है। इस कैबिनेट में कैप्टन अमरिंदर सिंह की टीम में रहे 7 मंत्रियों को भी जगह मिल सकती है। विभिन्न मंत्रियों के विभाग भी तय किए गए हैं। बैठक खत्म होने के बाद सीएम शुक्रवार की तड़के चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए।
हालांकि, अब आधिकारिक तौर पर कैबिनेट मंत्रियों की लिस्ट के जारी होने का इंतजार है और सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि सूची राज्यपाल को कब भेजी जाती है। बताया जा रहा है कि कैबिनेट लिस्ट फाइनल होने के बाद ऐसी संभावना है कि शनिवार की सुबह शपथ ग्रहण हो सकता है। हालांकि, शुक्रवार को भी होने की संभावना जताई जा रही है।
