पठानकोटः पुलिस वाले से छीनकर मिट्टी में मिला दिया चिट्टा, हवलदार को मारने की देते रहे धमकी

पंजाब-हिमाचल सीमा से सटे डमटाल में अजीबो गरीब मामला सामने आया। चिट्टे सहित दो तस्कर दबोचे गए और उन्होंने पुलिस वाले से चिट्टा छीनकर मिट्टी में मिला दिया। दोनों ने पुलिस वाले को जान से मारने की धमकियां भी दीं। यह सारा मामला वीडियो में कैद हो गया। घटना शुक्रवार सुबह की है। डीएसपी नूरपुर डॉ. साहिल अरोड़ा ने बताया कि थाना डमटाल के सामने लगाए नाके पर पुलिस ने मोटर साइकिल सवार 2 युवकों को रुकने का इशारा किया पर, वह पीछे की ओर भागने लगे।
पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ा और उनसे 9.56 ग्राम हेरोइन व 18.09 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम से धक्कामुक्की की और पुलिस वालों को एक महीने बाद गोली मारने की धमकियां देनी शुरू कर दीं। आरोपियों की पहचान फिल्लोर निवासी रणधीर कुमार व छन्नी बेली निवासी दलीप कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक उक्त आरोपियों पर पहले भी अनेकों मामले दर्ज हैं।
वहीं पास ही खड़े एक व्यक्ति ने सारे मामले को वीडियो में रिकॉर्ड किया, जिसमें एक तस्कर ने नशीले पदार्थों को तोल रहे कर्मचारी से छीना और फिर मिट्टी में फेंक पैरों से खुर्द बुर्द कर दिया। पुलिस हवलदार ने फटकार लगाई तो तस्कर ने उसे गोली मारने की धमकियां दीं और कहा कि उस पर पंजाब में 302 के 40 केस चल रहे हैं। डीएसपी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना डमटाल में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
