पत्नी से तंग आकर पति ने की आत्महत्या, पंखे से लटका मिला शव

झज्जर. हरियाणा के जिले के कस्बा बेरी में एक व्यक्ति ने पत्नी की प्रताड़ना से तंग आकर अपने घर में ही फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या (Suicide) कर ली. इस मामले में बेरी पुलिस (Police) ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मृतक रामप्रकाश के परिजनों ने बेरी पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है की रामप्रकाश की शादी 8 साल पहले गांव अकेहेडी मदनपुर की रहने वाली महिला के साथ हुई थी.

शादी के बाद से ही रामप्रकाश को उसकी पत्नी परेशान करती थी और घर से बाहर रहती थी. रामप्रकाश जब उसे इस बारे में टोकता था तो वो लड़ाई झगड़ा करती थी और उसे परेशान करती थी. इसी से परेशान होकर रामप्रकाश ने घर में ही पंखे पर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने मृतक के शव का झज्जर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

पत्नी ने किया था चाकू से हमला

मृतक के भाई ने ने बताया कि रामप्रकाश इलेक्ट्रीशियन का काम करता था. मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि रामप्रकाश की पत्नी कई-कई दिनों तक घर से बाहर रहती थी. जब भी वह घर पर आती तो रामप्रकाश को तंग भी करती थी. घटनाक्रम से चार-पांच दिन पहले भी दोनों में विवाद हुआ है. इस विवाद के दौरान उसने रामप्रकाश पर चाकू से भी हमला किया था. हालांकि, झगड़े में रामप्रकाश बच गया.

फंदे पर लटका था शव

पत्नी द्वारा तंग करने की वजह से व्यथित हुए रामप्रकाश ने वीरवार दोपहर बाद घर पर ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. जब उन्होंने देखा तो रामप्रकाश फंदे पर लटका हुआ था. रामप्रकाश को संभाला तो उसकी मौत हो चुकी थी. जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
 

Leave a Reply