परोपकार से बढ़कर और कोई धर्म नहीं : सिलावट

इन्दौर । लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट और लोक निर्माण मंत्री श्री सज्जन सिंह वर्मा ने आज श्री सत्य सांई विद्या विहार परिसर में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि सभी धर्मों में परोपकार को सर्वश्रेष्ठ कार्य माना गया है। नर सेवा ही नारायण सेवा है। परोपकार से इंसान मानव से महामानव बन सकता है। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री श्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि श्री सत्य सांई विद्या विहार द्वारा बच्चों के हृदय रोग का स्वास्थ्य परीक्षण कर और उसके बाद मुफ्त इलाज कराने का जो संकल्प लिया है, वह एक अनुकरणीय पहल है। प्रदेश के सभी समाजसेवी संस्थाओं को इस तरह के अभिनव आयोजन समय-समय पर करते रहना चाहिये। इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री श्री जीतू पटवारी ने भी स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
ज्ञातव्य है कि भारत में हर साल लगभग दो लाख ऐसे शिशु जन्म लेते हैं, जिन्हें हृदय से जुड़ी गंभीर बीमारियाँ होती हैं। इनमें से करीब 80 हजार बच्चों को रोग की जानकारी के अभाव में अथवा उचित चिकित्सा न मिल पाने के कारण मृत्यु हो जाती है। ऐसी स्थिति में श्री सत्य सांई हार्ट हॉस्पिटल, काशिंद्रा, अहमदाबाद ने हृदय रोग से पीड़ित अधिक से अधिक नवजात शिशुओं का जीवन बचाने एवं उन्हें एक स्वस्थ्य जीवन प्रदान करने का जिम्मा लिया है।
श्री सत्य साई हार्ट हॉस्पिटल, काशिंद्रा, अहमदाबाद के तत्वावधान में तीन वर्ष से अठारह वर्ष के हृदय रोगियों के लिये आज श्री सत्य सांई विद्या विहार इंदौर में प्रात: 8 बजे से एक दिवसीय नि:शुल्क हृदय रोग जाँच शिविर का आयोजन किया गया।
श्री सत्य सांई विद्या विहार इंदौर में आयोजित पाँचवे नि:शुल्क हृदय रोग जाँच शिविर का शुभारंभ सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधिपति श्री रमेशचन्द्र लाहोटी के द्वारा किया गया। इस अवसर पर सांसद श्री शंकर लालवानी, अहमदाबाद हॉस्पिटल के मैनेजिंग ट्रस्टी श्री मनोज भिमाणी, श्री सत्य सांई विद्या विहार इंदौर के संयोजक डॉ. रमेश बाहेती, मानद सचिव श्री त्रिभुवन सचदेव तथा निदेशक श्री माधव परांजपे, प्राचार्या श्रीमती पुनीता नेहरू के अतिरिक्त श्री सत्य सांई सेवा संगठन के अनेक सदस्य उपस्थित थे।
यह सुविधा अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे, इसे सुनिश्चित करने का दायित्व, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मध्यप्रदेश की मिशन संचालक श्रीमती छवि भारद्वाज तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण की प्रमुख सचिव श्रीमती पल्लवी गोविल द्वारा किया गया। यह शिविर उन हृदय रोगियों के लिये आयोजित किया गया, जो कमजोर आर्थिक स्थिति के चलते इस बीमारी की जाँच एवं उपचार से जुड़े महंगे खर्च का बोझ नहीं उठा सकते। इन्दौर ही नहीं, आसपास के क्षेत्रों से भी जाँच हेतु कई रोगी आये थे। जिन बच्चों के लिये सर्जरी की आवश्यकता महसूस की गई, उन्हें ऑपरेशन की तारीख दे दी गई और निर्धारित तारीख को श्री सत्य सांई हार्ट हॉस्पिटल, काशिंद्रा, अहमदाबाद में उनका पूरी तरह से नि:शुल्क ऑपरेशन किया जायेगा। लोगों ने इस शिविर में प्रदान की गई सेवाओं का सैकड़ों लोगों ने लाभ उठाया।
इस वर्ष तक हॉस्पिटल द्वारा 60 नि:शुल्क हृदय रोग जाँच शिविरों का आयोजन किया जा चुका है। विगत 19 वर्षों से हृदय रोगियों का नि:शुल्क उपचार किया जा रहा है। 13 लाख मरीजों का ओपीडी में इलाज तथा 13 हजार सफल ओपन हार्ट सर्जरियाँ पूरी तरह नि:शुल्क सम्पन्न की जा चुकी हैं। श्री सत्य सांई हार्ट हॉस्पिटल, काशिंद्रा, अहमदाबाद एवं श्री सत्य सांई हार्ट हॉस्पिटल राजकोट द्वारा मानव सेवा के क्षेत्र में जो कार्य किया जा रहा है, वह निश्चय ही स्वयं में एक मिसाल है। अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक इस सेवा को पहुंचाने के लिये हॉस्पिटल द्वारा देश के विभिन्न राज्यों में नि:शुल्क हृदय रोग जाँच शिविरों का समय-समय पर आयोजन किया जाता है। अभी तक मध्यप्रदेश के 500 मरीजों की श्री सत्य सांई हार्ट हॉस्पिटल राजकोट में पूर्णतया नि:शुल्क हार्ट सर्जरी की जा चुकी है।
केवल ऑपरेशन ही नहीं अपितु दवाइयों, भोजन, रहने की व्यवस्था, ऑपरेशन के बाद मरीज की देख-रेख तथा मरीज के साथ आये एक परिचारक के नि:शुल्क भोजन एवं रहने की व्यवस्था भी अस्पताल द्वारा ही की जाती है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
