पहली पत्नी नीलम को याद कर भावुक हुए Bhojpuri Superstar Pawan Singh, पंखे से झूलकर की थी आत्महत्या!

भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह (Pawan Singh) किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं. अपनी फिल्मों और दमदार अभिनय से उन्होंने भोजपुरी सिनेमा प्रेमियों के बीच अपनी जगह बनाई है. पवन सिंह ने अपनी रील लाइफ में जितने दमदार रोल किए हैं, पर्सनल लाइफ में उन्होंने उतने ही दुख भी देखे हैं. पवन ने 2014 में नीलम सिंह (Neelam Singh) से शादी की थी मगर एक साल बाद ही नीलम ने आत्महत्या कर ली. 8 मार्च 2015 को मुंबई में पवन सिंह के फ्लैट पर पंखे से लटककर नीलम सिंह ने सुसाइड (Neelam Singh Suicide) कर लिया था. उस दौरान एक्टर घर पर नहीं थे.
कल यानी 8 मार्च को पवन सिंह की दिवंगत पत्नी की पुण्यतिथि (Neelam Singh Death Anniversary) थी. इस मौके पर एक्टर बेहद भावुक नजर आए. पवन इतने भावुक हो गए कि पत्नी को याद करते हुए उन्होंने एक बेहद मार्मिक पोस्ट अपने फेसबुक पेज पर डाला. पवन ने लिखा-"मेरे जीवन कि सबसे बड़ी क्षति… भगवान हर इंसान के जीवन में हर खुशी नहीं देते हैं. पर आप मेरे जीवन मे थीं, हैं, और आजीवन रहेंगी. ईश्वर आपको अपने श्री चरणों में जगह दें."
इतना ही नहीं, पवन सिंह ने अपनी पहली पत्नी नीलम सिंह की पुण्यतिथि उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में, फिल्म 'हमार स्वाभिमान' के सेट पर मनाई. जहां फिल्म के NRI निर्माता राम शर्मा, अभिनेत्री अंजना सिंह समेत तमाम कलाकारों ने उनकी पत्नी नीलम सिंह को नम आंखों से पुष्पांजलि दी. बड़ी संख्या में महिलाओं ने कैंडल जला कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. इस मौके पर पवन सिंह, पत्नी नीलम सिंह की तस्वीर को लेकर मंच पर आए थे, जहां उन्होंने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया. इसके बाद उन्होंने इस मौके पर जरूरतमंद स्थानीय महिलाओं के बीच साड़ियां, चूड़ियां और पैसे भी वितरित कर नीलम की आत्मा को शांति मिलने की कामना की.
आपको बता दें कि पवन सिंह की शादी नीलम सिंह से साल 2014 में हुई थी लेकिन उनकी पत्नी का निधन एक साल बाद, 2015 में 8 मार्च को हो गया था. उस वक्त पवन सिंह को गहरा आघात लगा था, जिससे उबरने में उन्हें लंबा वक्त लग गया. फिर उन्होंने ज्योति सिंह से दूसरी शादी साल 2018 में की, लेकिन आज भी वे अपनी पत्नी को भूल नहीं पाए हैं और हर साल उनकी पुण्यतिथि को मनाते हैं.
पवन सिंह के वर्क फ्रंट की बात करें तो वो राम शर्मा की फिल्म की शूटिंग प्रतापगढ़ में कर रहे हैं, जहां उन्होंने महिला दिवस के अवसर पर नीलम सिंह को याद कर उनकी आत्मा की शांति की कामना की और जरूरतमंद महिलाओं की मदद की.
