पहली महिला फाइटर पायलट के रूप में गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेकर इतिहास रचेंगी भावना

नई दिल्ली । गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होकर महिला फाइटर पायलट भावनाकांत इतिहास रचने को तैयार हैं। वह वर्तमान में राजस्थान एयरबेस में तैनात हैं और मिग-21 बाइसन लड़ाकू विमान उड़ाती हैं, जो भारतीय वायु सेना (आईएएफ) की झांकी का हिस्सा होगा। परेड में हल्के लड़ाकू विमान, हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर और सुखोई 30 फाइटर प्लेन शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने इस उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई दी है और इसे पूरे देश के लिए गौरवशाली क्षण बताया है।
28 वर्षीय भावना कांत भारतीय वायुसेना के फाइटर पायलट दल में शामिल तीन महिलाओं में से एक हैं। वह अवनी चतुर्वेदी और मोहना सिंह के साथ 2016 में वायुसेना में शामिल हुईं थीं। बिहार के दरभंगा की रहने वाली कांत बेगूसराय में पैदा हुईं और बरौनी रिफाइनरी डीएवी पब्लिक स्कूल से अपनी स्कूली शिक्षा और बेंगलुरु के बीएमएस कॉलेज से इंजीनियरिंग की। वह बचपन से ही पायलट बनना चाहती थीं।
सन 2018 में उन्होंने अकेले लड़ाकू विमान उड़ाकर इतिहास रचा था। वह ऐसा करने वाली भारतीय वायुसेना की दूसरी महिला पायलट बनी। इससे पहले फ्लाइंग ऑफिसर अवनी चतुर्वेदी मिग-21 बाइजन एयरक्राफ्ट अकेले उड़ाकर यह करनामा किया था। उल्लेखनीय है कि इस साल गणतंत्र दिवस परेड में फ्लाईपास्ट का समापन लड़ाकू विमान राफेल से होगा। इस लड़ाकू विमान को पहली बार गणतंत्र दिवस परेड में शामिल किया गया है।
गौरतलब है कि पिछले साल फ्रांस से आठ राफेल विमान भारत आए थे। भारत ऐसे 36 विमान खरीदने का सौदा किया है। यह सौदा 59 हजार करोड़ का है। अगले दो साल में 36 विमान वायुसेना के बेड़े में शामिल हो जाएंगे। वायुसेना के अनुसार परेड में वायुसेना के कुल 38 विमान शामिल होंगे। फ्लाईपास्ट दो हिस्सों में होगा। पहली परेड सुबह 10.04 बजे से लेकर 10.20 बजे तक और दूसरी 11.20 बजे से 11.45 बजे तक होगी।
