पहले के मुकाबले मां की छवि बड़े पर्दे पर अब बदल गई

फिल्म ‘हम दो हमारे दो’ में एक बार फिर मां की भूमिका में रत्ना पाठक शाह नजर आएंगी। 29 अक्टूबर को यह फिल्म ‘डिज्नी प्लस हॉटस्टार’ पर रिलीज होगी। रत्ना कहती हैं, ‘पहले के मुकाबले मां की छवि बड़े पर्दे पर अब बदल गई है। मैं असल जीवन के अनुभव फिल्मों में अपने मां के किरदारों में डालने की कोशिश करती हूं। मैं खुद के लिए नई चीजें ढूंढ़ती रहती हूं। इस फिल्म का एक मकसद मनोरंजन करना है और दूसरा मकसद सोचने पर मजबूर करना है’।
‘आजकल लोग न्यूक्लियर परिवार में रहते हैं। पति–पत्नी और बच्चे होते हैं। मुझे लगता है कि यह अधूरा अनुभव है, खासकर बच्चों के लिए। उनकी जिंदगी सीमित हो जाती है। अलग उम्र के लोगों के साथ रहना, उनके साथ तालमेल बिठाना आना चाहिए। दादा–दादी, नाना–नानी का प्रभाव बच्चों पर पड़ता है। हम पैसा कमाने का यंत्र बन चुके हैं, लेकिन जिंदगी आगे है। परिवार के लिए जगह बनाना अहम है।’
