पांच करोड़ के लिए खुद के अपहरण की रची साजिश

सोनीपत । हरियाणा के सोनीपत से अपहरण का अनोखा मामला सामने आया है। यहां लॉ के एक छात्र ने खुद के अपहरण की साजिश रचकर अपने ही पिता से 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी। परिजनों की शिकायत पर जांच में जुटी सोनीपत पुलिस ने 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मामले को सुलझा लिया। पुलिस ने आरोपी छात्र को गुरुग्राम के एक होटल से पकड़ लिया है। अपने एक नाबालिग दोस्त के साथ मिलकर आरोपी ने साजिश रची थी। पुलिस को छात्र ने बताया कि वह परिवार को खुद की अहमियत का एहसास कराना चाहता था। बता दें कि सोनीपत के गांव बरोटा का रहने वाला 22 वर्षीय उज्जवल लॉ थर्ड ईयर का छात्र है और सोनीपत कोर्ट में इंटर्नशिप कर रहा था। शुक्रवार देर शाम तक जब उज्जवल घर नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई। थोड़ी देर बाद उज्ज्वल के पिता के व्हाट्सएप नंबर पर वॉइस मैसेज आया, जिसे सुनने के बाद उज्जवल के पिता सन्न रह गए। मैसेज में कहा गया था कि उनके बेटे का अपहरण हो गया है और बेटे उज्जवल को छोड़ने के बदले में 5 करोड़ रुपए की मांग की। इतना ही नहीं मैसेज में 15 दिन के अंदर 5 करोड़ रुपए नहीं मिले तो उज्ज्वल को मार देने की धमकी भी दी गई।
जिसके बाद आनन-फानन में उज्ज्वल के पिता ने मामले की सूचना कुंडली थाना पुलिस को दी। छात्र का अपहरण कर 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने की जानकारी पर पुलिस के आला अधिकारी सकते में आ गए। इसके बाद सीआईए, एसआइटी, साइबर सैल सहित 9 टीमों का गठन किया गया। सोनीपत पुलिस ने गुरुग्राम व पलवल पुलिस का सहयोग लिया, जिसके बाद 6 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने छात्र को गुरुग्राम के एक होटल से पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस की पूछताछ के दौरान सारी सच्चाई सामने आई। छात्र से पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि उज्जवल ने 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र के साथ मिलकर अपहरण की साजिश रची थी। पुलिस ने नाबालिग आरोपित 12वीं कक्षा के छात्र को भी हिरासत में ले लिया है।
