पांच बच्चों समेत 7 लोगों का एक चिता पर अंतिम संस्कार, लेह में हुई थी मौत

भीलवाड़ा। श्रीनगर-लद्दाख के बीच शनिवार को हादसे में मारे गए लोगों के शव मंगलवार को पैतृक गांव पहुंचे। इनमें 2 शव लांबिया और 7 शव भीलवाड़ा लाए गए। जिसके बाद सुबह ही भीलवाड़ा में सातों शवों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। पालड़ी गांव के बागरिया बस्ती में रहने वाले दंपती पप्पू और प्रेम, इनके पांच बेटे-बेटियों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।
क्या है मामला : लेह पुलिस के कंट्रोल रूम प्रभारी अर्जुन ने बताया कि सीमेंट से भरा ट्रक श्रीनगर से लद्दाख जा रहा था। इसमें पालड़ी और लांबिया स्टेशन निवासी परिवार के 10 लोग रास्ते से सवार हो गए। ये लोग आसपास के गांवों में झाडू़ बेचने जा रहे थे। रास्ते में लामायरू के पास ट्रक पलट गया। इनमें से नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। लांबिया निवासी भैरू पुत्र रूपा घायल है। मरने वालों में पालड़ी का 40 वर्षीय पप्पू पुत्र जमना, उसकी पत्नी 35 साल की प्रेम, बेटा 10 साल का घनश्याम, बेटी 4 साल की सोनू व 3 साल की पायल, बेटा 8 साल का नंदा व 1 साल का बेटी रामस्वरूप शामिल है।
