पांच सालों में केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा की घटी संपत्ति, पत्नी की आय में इजाफा

नई दिल्ली । केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा की आय पिछले पांच वर्षो में घट गई है। जबकि, उनकी पत्नी की आमदनी में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह बात उनके चुनावी हलफनामे से सामने आई है। जयंत सिन्हा ने हजारीबाग लोकसभा सीट से नामांकन किया है। जयंत सिन्हा द्वारा शपथपत्र में की गई घोषणा के अनुसार, वर्ष 2013-14 में उनकी आमदनी 5,74,20,270 रुपए थी,  जो सन 2014-15 में घटकर 91,01,220 रुपए हो गई। 
इसके बाद 2017-18 में उनकी आमदनी 35,91,290 रुपए हो गई। दूसरी तरफ उनकी पत्नी पुनीता कुमार की आमदनी 2014-15 में 1,14,27,790 रुपए से बढ़कर 2017-18 में 5,36,21,990 रुपए हो गई।  पुनीता के ऊपर कोई ऋण नहीं है, जबकि जयंत सिन्हा पर 14,68,40,898 रुपए का कर्ज है। मंत्री ने 4,18,40,400 रुपए की अचल संपत्ति खरीदी, जबकि उनकी पत्नी ने 8,54,79,717 रुपए की संपत्ति खरीदी।
जयंत सिन्हा वर्ष 2014 में हजारीबाग सीट से लोकसभा चुनाव जीते थे। इससे पहले इस सीट से उनके पिता यशवंत सिन्हा सांसद थे। आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव के लिए आज पहले चरण का मतदान हो रहा है। आज पहले चरण में 20 राज्यों की 91 सीटों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। 91 लोकसभा सीटों पर कुल 1279 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। पहले चरण के मतदान में जिन प्रमुख नेताओं की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी उनमें केंद्रीय मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह, नितिन गडकरी, हंसराज अहीर, किरण रिजीजू, कांग्रेस की रेणुका चौधरी, एआईएमआईएम के असदुद्दीन ओवैसी शामिल हैं।  

Leave a Reply