पाकिस्तान को आतंकवाद की फैक्ट्री बंद करनी चाहिए: मुख्तार अब्बास नकवी

प्रयागराज. केन्द्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने मंगलवार को पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान पर हमला बोला. केंद्रीय मंत्री ने कहा, कश्मीर के मामले को लेकर किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है. सबसे पहले पाकिस्तान को आतंकवाद की अपनी फैक्ट्री को बंद करना चाहिए. जब तक पाकिस्तान आतंकवाद की फैक्ट्री चलाता रहेगा और दुनिया के इंसानियत और अमन का दुश्मन बना रहेगा, तब तक पाकिस्तान से किसी तरह की बातचीत संभव नहीं है.

प्रयागराज पहुंचे नकवी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कश्मीर को लेकर किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है. नकवी ने यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोगों की जिंदगी में खुशहाली आए, इस संकल्प के साथ केन्द्र सरकार लगातार काम कर रही है. पाकिस्तान के सियालकोट में पाकिस्तानी फौज के जमावड़े को लेकर केन्द्रीय मंत्री ने कहा, हमारी सेना पूरी तरह से सक्षम है.

हम किसी भी तरह की शैतानी हरकत का मुंहतोड़ जबाव देंगे. हज यात्रा को लेकर केन्द्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री ने कहा, 'लगभग दो लाख हज यात्री इस बार हज यात्रा पर जाएंगे. देश की आजादी के बाद से यह अब तक का हज यात्रियों के हज पर जाने का रेकॉर्ड आंकड़ा भी है. उम्मीद है कि इस बार यह आंकड़ा और भी बढ़ेगा.' वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के मध्यस्थता करने के प्रस्ताव पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पीएम मोदी पहले ही कह चुके हैं कश्मीर मुद्दे पर हम किसी को तकलीफ नहीं देंगे.
 

Leave a Reply