पाक बोला- सीपीईसी प्रोजेक्ट ‘राष्ट्रीय प्राथमिकता’

इस्लामाबाद । चीन के महात्वाकांक्षी सीपीईसी प्रोजेक्ट को लेकर पाकिस्तान ने सोमवार को चीन को विश्वास दिलाया कि इसे ‘राष्ट्रीय प्राथमिकता’ है और दोनों देशों के शीर्ष राजनयिक इन विकास परियोजनाओं का नये क्षेत्रों तक विस्तार करने पर सहमत हुए। दोनों सहयोगी देशों के बीच राजनीतिक संवाद के पहले दौर के दौरान पाकिस्तान की विदेश सचिव तहमीना जांजुआ ने यात्रा पर आये चीन के उपविदेश मंत्री कोंग शुआनयू से कहा कि पाकिस्तान सीपीईसी परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए कटिबद्ध है। 60 अरब डॉलर का चीन पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (सीपीईसी) चीन में संसाधनों से समृद्ध मुस्लिम बहुल शिनजियांग प्रांत को पाकिस्तान के रणनीतिक ग्वादर बंदरगाह से सड़क, रेलवे और ऊर्जा परियोजनाओं से जोड़ने वाला योजनाबद्ध नेटवर्क है। सीपीईसी 2015 में शुरू हुई थी।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘दोनों पक्षों ने वर्तमान परियोजनाओं को पूरा करने के लिए मिलकर काम करने का निश्चय किया और सीपीईसी को पाकिस्तान के नेतृत्व की दृष्टि के अनुरुप सहयोग के नये क्षेत्रों तक ले जाने पर सहमति जताई। दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों के पूरे दायरे पर समग्र चर्चा की। कोंग ने पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी से भी भेंट की जिन्होंने पाकिस्तान चीन द्विपक्षीय वार्ता के सफल समापन पर चीन को बधाई दी।
