पाठक फॉर्म हाउस में हुई साढ़े 4 करोड़ की लूट का खुलासा, बदमाशों ने खर्च कर डाले 75 लाख,

पाठक फॉर्म हाउस में हुई साढ़े 4 करोड़ की लूट का खुलासा, बदमाशों ने खर्च कर डाले 75 लाख, एक आरोपी अभी भी फरार
पुलिस ने आरोपियों से नकद और सोना बरामद कर प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा किया।
कोलगवां थाना क्षेत्र के शिवपुरवा मदरेह गांव की डकैती का मामला
SIT को मिली सफलता
शहर के समीपी ग्राम शिवपुरवा मगरेह में स्थित पूर्व खनिज मंत्री के भाई के फॉर्म हाउस में हुई लूट का खुलासा करने में सतना पुलिस कामयाब हो गई है। महज कुछ ही घंटों के दौरान पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को पकड़ कर लूटा हुआ माल बरामद कर लिया। सतना पुलिस ने इस कार्रवाई को ऑपरेशन 36 का नाम दिया था। आईजी रीवा रेंज उमेश जोगा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि खनिज कारोबारी श्रवण पाठक के फॉर्म हाउस में गत 24 मार्च को हुई 3 करोड़ नकद और 3 किलो सोने की लूट के मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एक आरोपी अभी भी फरार है। आरोपियों के कब्जे से लूट का माल भी बरामद कर लिया गया है।
लूट के रुपए से खरीदी दो बाइक
पकड़े जाने के पहले तक आरोपियों ने लगभग 75 लाख रुपए खर्च कर डाले थे। आरोपियों के नाम लूदा वसदेवा तनय अयोध्या वसदेवा (40) निवासी ग्राम दरबार थाना इंदबार उमरिया, अजय दाहिया तनय लक्ष्मण दाहिया (27) ग्राम दरबार इंदबार उमरिया, सुरेश उर्फ राजा दाहिया तनय मथुरा प्रसाद (39) ग्राम इटौरा थाना बरही जिला कटनी तथा सुरेश केवट तनय लक्ष्मण प्रसाद केवट (35) निवासी ग्राम गूढहर पोस्ट इटौरा जिला कटनी बताए गए है। एक आरोपी सुदामा अभी फरार है। इनके कब्जे से 2 करोड़ 24 लाख 61 हजार 5 सौ रुपए नकद , 3 किलो सोना, लूट में प्रयुक्त 3 बाइक बरामद हुई हैं। आरोपियों ने लूट के पैसे से भी दो बाइक खरीदी थीं। उन्हें भी बरामद कर लिया गया है।
कुछ दिन पहले छोड़ा काम
पकड़े गए आरोपियों में शामिल सुरेश केवट पूर्व में पाठक के यहां काम करता था। गत 19 मार्च को उसने पाठक के यहां काम छोड़ दिया था। उसे यह पता था कि फॉर्म हाउस में रकम और नकद राशि रखी हुई है। नवम्बर में जब श्रवण पाठक ने अपने बेटे संजीव पाठक के साथ आ कर शिवपुरवा में रकम रखी थी तब सुरेश केवट ने श्रवण और संजीव की मदद की थी। सुरेश केवट का साढ़ू भाई राजू उर्फ सुरेश दाहिया अक्सर सुरेश केवट के पास आता रहता था, उनकी नजर रकम पर थी। SIT टीम में CSP विजय बहादुर सिंह, कोलगवां थाना प्रभारी निरीक्षक DPS चौहान, बाबूपुर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश सिंह बघेल, सायबर सेल प्रभारी SI अजीत सिंह आदि शामिल थे।
सतना में 4 करोड़ की लूट:पूर्व मंत्री बृजेंद्रनाथ पाठक के भाई के फार्म हाउस पर केयर टेकर को बंधक बनाया; 3 करोड़ नकदी और 3 किलो सोने के जेवरात ले गए
MP में 4 करोड़ की डकैती में नया मोड़:100 एकड़ के फॉर्महाउस में कच्चे घर में छुपा रखा था 3 करोड़ कैश; टैक्स चोरी की आशंका, पुलिस ने इनकम टैक्स विभाग को भेजी जानकारी
