पानीपत का मौसम

रिकॉर्ड बारिश के बाद आज साफ रहेगा मौसम, सुबह हुए सूर्यदेव के दर्शन

24 घंटे में दर्ज की गई 41.2 MM बारिश, 9 साल का रिकॉर्ड तोड़ा

पानीपत में रिकॉर्ड बारिश के बाद बुधवार से मौसम साफ रहेगा। बीते 24 घंटे में जिले में 41.2 MM बारिश दर्ज की गई है। बुधवार को सुबह बारिश के बाद सूर्यदेव के दर्शन हुए। आज से बारिश रुकने और गुरुवार से कोहरा छाने के आसार हैं। लगातार बारिश से दिन के तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी तो रात के तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई है। बुधवार को 10 बजे तक अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

मौसम विभाग ने 3 से 5 जनवरी तक बारिश बताई थी। हालांकि 6 जनवरी को भी सुबह के समय बूंदाबांदी हुई। मंगलवार रात तक पानीपत में 41.2 MM बारिश दर्ज की गई। इससे पहले 2013 में जनवरी माह में इतनी बारिश हुई थी। बीते शनिवार से धुंध के स्थान पर आसमान में बादलों ने डेरा डाला हुआ है। तभी से हल्की बूंदाबांदी हुई। सोमवार और मंगलवार को बारिश ज्यादा रही। बारिश से दिन और रात के तापमान में बढ़ोत्तरी हुई है।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. DP दुबे ने बताया कि बुधवार से मौसम साफ रहने की उम्मी है। 7 जनवरी से दक्षिणी-पूर्वी हवाओं का चलना बंद होगा और उत्तर-पश्चिमी हवाएं शुरू होंगी। विंड पैटर्न बदलने से मौसम भी एक बार फिर करवट लेगा। सुबह-शाम घना कोहरा देखने को मिल सकता है। न्यूनतम तापमान में भी 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की उम्मीद है। जिससे सर्दी बढ़ेगी।

Leave a Reply