पानी पीने आई गाय-भैसों की जहर से हुई मौत

जोधपुर, भीषण गर्मी और तेज हवाओं से तप रहे राजस्थान में पानी पीने आए जानवरों की जहर से मौत का मामला सामने आया है। दरअसल, यहां पानी के लिए बनी खेली के पास जहरीले दाने डाले गए, जिसे खाने के बाद कई पशुओं की मौत हो गई। मामला राजस्थान के जोधपुर जिले के लांबा गांव का है, जहां सुअरों को मारने के लिए जहरीली ज्वार के दाने डाले गए थे। परंतु सड़क किनारे पशुओं के पानी पीने के लिए बनी खेली के पास डाले इन दानों से ना केवल सुअर, बल्कि भैंस, गाय और नील गायों की भी मौत हो गई है। पशुओं की मौत की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि लांबा गांव के बाहर सड़क किनारे बनी खेली पर पानी पीने के बाद पांच भैंसों, एक गाय व दो नील गायों की मौत हो गई। इसके अलावा 15 से ज्यादा सुअरों की भी मौत हुई है। मरने वाले जानवरों का पोस्टमार्टम कर डॉक्टरों की टीम ने जांच के लिए विसरा के नमूने ले लिए हैं। वहीं पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि जहर का असर इतना खतरनाक था कि जानवरों की आंख से खून निकलने लगा। वहीं पुलिस के पहुंचने पर गांव वालों ने एक दूसरे पर ही जहरीले दाने डालने के आरोप लगाते हुए ग्रामीण आपस में ही भिड़ते नजर आए। 

Leave a Reply